धर्मेन्द्र भारद्वाज | मऊ
मऊ। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर जिला प्रशासन के सहयोग से जिला खेल कार्यालय, मऊ की ओर से क्रॉस कंट्री रेस प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में बालक और बालिका वर्ग के खिलाड़ियों ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया और अपनी खेल प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
बालक वर्ग की दौड़ पुलिस लाइन के मुख्य द्वार से शुरू होकर गाजीपुर तिराहा और भीटी होते हुए स्पोर्ट्स स्टेडियम, मऊ में संपन्न हुई। वहीं बालिका वर्ग की दौड़ भीटी चौक से शुरू होकर स्पोर्ट्स स्टेडियम में समाप्त हुई। प्रतियोगिता का शुभारंभ नगर मजिस्ट्रेट, मऊ ने खिलाड़ियों को हरी झंडी दिखाकर किया।
बालक वर्ग में कबीराज ने प्रथम, राहुल राजभर ने द्वितीय और सत्यम निषाद ने तृतीय स्थान हासिल किया। अनिल यादव चौथे, धीरज कन्नौजिया पांचवें तथा गणेश निषाद छठे स्थान पर रहे। बालिका वर्ग में मनीषा यादव प्रथम, अर्चना यादव द्वितीय और शिवांगी तृतीय स्थान पर रहीं। संजना ने चौथा, रोमी राजभर ने पांचवां और रंजना कुमारी ने छठा स्थान प्राप्त किया।
स्पोर्ट्स स्टेडियम में ध्वजारोहण के बाद आयोजित समारोह में मुख्य अतिथि उपजिलाधिकारी सदर एवं विशिष्ट अतिथि नगर मजिस्ट्रेट ने विजेता खिलाड़ियों को पुरस्कार प्रदान कर उनका उत्साहवर्धन किया।
इसके बाद नगर पालिका परिषद, मऊ की ओर से जनपद स्तरीय हैंडबॉल प्रतियोगिता आयोजित की गई। इसमें जनपद की चार टीमों ने प्रतिभाग किया। प्रतियोगिता के विजेता एवं उपविजेता खिलाड़ियों को नगर पालिका परिषद मऊ के अध्यक्ष अरसद जमाल ने पुरस्कार प्रदान किए।
कार्यक्रम में राजीव कुमार जायसवाल, अखिलेश खरवार, भूपेंद्र नाथ, मनोज यादव, रीमा यादव, सोनिया कुमारी, मोईन खान, रितेश दास समेत बड़ी संख्या में खेल प्रेमी मौजूद रहे। अंत में जिला क्रीड़ाधिकारी डीपी सिंह ने अतिथियों और खेल प्रेमियों के प्रति आभार व्यक्त किया।
