धर्मेन्द्र भारद्वाज | मऊ
उत्कृष्ट पुलिसिंग और सराहनीय सेवाओं के लिए स्वतंत्रता दिवस पर सम्मान, वाराणसी जोन के 23 पुलिसकर्मियों में शामिल
घोसी (मऊ)। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर उत्कृष्ट एवं सराहनीय पुलिस सेवाओं के लिए घोसी कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक रविंद्र नाथ राय को पुलिस महानिदेशक उत्तर प्रदेश का प्रशंसा चिन्ह प्रदान किया गया है। कर्तव्यनिष्ठा, सेवाभाव और उत्कृष्ट पुलिसिंग में उल्लेखनीय योगदान को देखते हुए उनका चयन इस प्रतिष्ठित सम्मान के लिए किया गया।
अपर पुलिस महानिदेशक, वाराणसी जोन कार्यालय की ओर से जारी पत्र के अनुसार वाराणसी जोन के विभिन्न जनपदों में तैनात कुल 23 अधिकारी एवं कर्मचारियों का चयन उनके सेवाभिलेख तथा उल्लेखनीय एवं असाधारण ऑपरेशनल कार्यों के आधार पर किया गया है। चयनित पुलिसकर्मियों को पुलिस महानिदेशक का सिल्वर/गोल्ड प्रशंसा चिन्ह प्रदान किया गया है। इनमें घोसी कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक रविंद्र नाथ राय भी शामिल हैं।
अपराध नियंत्रण में रही सक्रिय भूमिका
घोसी कोतवाली की जिम्मेदारी संभालने के दौरान रविंद्र नाथ राय ने क्षेत्र में कानून-व्यवस्था बनाए रखने और अपराध नियंत्रण के लिए प्रभावी कार्रवाई पर जोर दिया। अपराधियों के खिलाफ कार्रवाई के साथ ही आमजन की शिकायतों के त्वरित निस्तारण और पुलिस की सक्रियता बढ़ाने को भी प्राथमिकता दी गई।
उनकी कार्यशैली में कानून-व्यवस्था को लेकर सख्ती के साथ आमजन के प्रति संवेदनशीलता भी देखने को मिली है। अनुशासन, त्वरित कार्रवाई और टीम भावना के साथ पुलिसिंग करने के चलते उन्हें विभाग में अलग पहचान मिली है।
मऊ पुलिस के लिए गौरव का क्षण
पुलिस महानिदेशक का प्रशंसा चिन्ह मिलना रविंद्र नाथ राय की पुलिस सेवा की महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है। वाराणसी जोन के 23 चयनित पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों में उनका नाम शामिल होना उनके कार्यों को उच्चाधिकारियों से मिली मान्यता को दर्शाता है। यह सम्मान घोसी कोतवाली के साथ-साथ मऊ पुलिस के लिए भी गौरव का विषय है। सम्मान की जानकारी के बाद पुलिसकर्मियों और सहकर्मियों में उत्साह का माहौल है।
