सेवराई। तहसील बार एसोसिएशन सेवराई की आवश्यक बैठक गुरुवार को अध्यक्ष पारस राम एडवोकेट की अध्यक्षता में हुई। बैठक में जिलाधिकारी गाजीपुर की ओर से पांच अगस्त को जारी आदेश को लेकर अधिवक्ताओं ने कड़ी नाराजगी जताई। इसके विरोध में अधिवक्ताओं ने नारेबाजी करते हुए तहसील परिसर और निबंधन कार्यालय में प्रदर्शन किया। साथ ही आदेश वापस होने तक अनिश्चितकालीन कलम बंद हड़ताल करने की घोषणा की।
अधिवक्ताओं का कहना था कि जिलाधिकारी के आदेश से तहसील में अधिवक्ताओं और कर्मचारियों के कामकाज पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है। बैठक में आदेश के विभिन्न पहलुओं पर चर्चा के बाद सर्वसम्मति से प्रस्ताव पारित कर जिलाधिकारी से आदेश पर पुनर्विचार करते हुए उसे वापस लेने की मांग की गई।
बार एसोसिएशन अध्यक्ष पारस राम ने कहा कि जिलाधिकारी के आदेश से अधिवक्ताओं के साथ तहसील के कामकाज पर भी प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है। अधिवक्ताओं की समस्याओं को देखते हुए आदेश पर पुनर्विचार कर इसे वापस लिया जाना आवश्यक है।
महासचिव सुमंत सिंह कुशवाहा ने कहा कि अधिवक्ता अपने दायित्वों का निर्वहन पूरी जिम्मेदारी से करते हैं। ऐसा कोई आदेश नहीं होना चाहिए, जिससे न्यायिक एवं प्रशासनिक कार्य प्रभावित हों। एसोसिएशन अधिवक्ताओं के हित में हर स्तर पर अपनी बात रखेगी।
बैठक के बाद पारित प्रस्ताव की प्रति संबंधित अधिकारियों को भेजने का निर्णय लिया गया। प्रदर्शन के दौरान पूर्व अध्यक्ष एयाज खान, हैदर खान, भोला यादव, वारिस हसन, संदीप सिंह, संजीव सिंह सहित बार एसोसिएशन के समस्त अधिवक्ता मौजूद रहे।
