भांवरकोल। यूनियन बैंक ऑफ इंडिया पखनपुरा शाखा के नवागत शाखा प्रबन्धक राजीव राय ने खाताधारकों को बेहतर बैंकिंग सेवा उपलब्ध कराने का भरोसा दिलाया है। पखनपुरा शाखा में कार्यभार ग्रहण करने के बाद उन्होंने बैंक की व्यवस्थाओं को समझने के साथ ही ग्राहकों की समस्याओं के समाधान को प्राथमिकता देने की बात कही। शाखा प्रबंधक राजीव राय ने कहा कि बैंक के प्रत्येक खाताधारक को किसी भी प्रकार की परेशानी न हो, इसके लिए हरसंभव प्रयास किया जाएगा। यदि किसी ग्राहक को बैंकिंग कार्य में किसी तरह की दिक्कत आती है तो वह सीधे बैंक आकर मुझे अपनी समस्या बताएं। समस्या का समाधान निकालने का पूरा प्रयास किया जाएगा। उन्होंने कहा कि बैंक और ग्राहक के बीच बेहतर संवाद से ही बैंकिंग सेवाओं को और सुगम बनाया जा सकता है। ग्राहकों की समस्याओं को गंभीरता से सुनना और उनका उचित समाधान करना उनकी प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने विन्ध्य लिंक एक्सप्रेस वे से जुड़े सभी किसानों से अपील करते हुए कहा है कि जिन किसानों की जमीन अधिग्रहित की जानी है जिनका खाता नहीं खुला है,वे किसान अपना खाता हर हाल में खोलना लें। ताकि किसानों को भुगतान में कोई समस्या नहीं हो। उन्होंने बताया कि इसके लिए बैंक मित्रों को लगाया गया है जिन्हें आवश्यक कागजात मुहैया कराकर अपना खाता खुलवा लें। यदि खाता खोलने में कोई बाधा हो तो वे किसी भी कार्य दिवस में बैंक शाखा में आकर शाखा प्रबंधक से मिलकर अपनी समस्या बताए तो उसका तत्काल निवारण कर दिया जाएगा।
