धर्मेन्द्र भारद्वाज | मऊ
देशभक्ति गीतों और गगनभेदी नारों से गूंजा विद्यालय परिसर, 203 विद्यार्थियों ने किया अभ्यास
चिरैयाकोट (मऊ)। शिक्षा क्षेत्र रानीपुर के अंतर्गत पीएम श्री कंपोजिट विद्यालय करमी में स्वतंत्रता दिवस समारोह की तैयारियां जोर-शोर से शुरू हो गई हैं। शासन की मंशा के अनुरूप उत्तर प्रदेश विधान परिषद सदस्य (एमएलसी) विक्रांत सिंह ‘ऋषु’ द्वारा गोद लिए गए विद्यालय में राष्ट्रीय पर्व को भव्य और अनुशासित ढंग से मनाने के लिए सोमवार को अभ्यास कार्यक्रम आयोजित किया गया।
जिलाध्यक्ष शिक्षा मित्र संघ मऊ बलिराम चन्द्र सिंह के नेतृत्व और मार्गदर्शन में आयोजित अभ्यास के दौरान विद्यालय परिसर देशभक्ति के रंग में रंगा नजर आया। निर्धारित गणवेश में सजे छात्र-छात्राओं ने प्रार्थना स्थल पर एकत्र होकर सामूहिक रूप से देशभक्ति गीतों का अभ्यास किया। बच्चों ने ‘सारे जहां से अच्छा, हिंदोस्तां हमारा’ और ‘हिंद देश का प्यारा झंडा ऊंचा सदा रहेगा’ जैसे राष्ट्रीय गीतों का सामूहिक गायन किया।
इसके बाद विद्यार्थियों ने ‘भारत माता की जय’, ‘जय जवान-जय किसान’ और ‘15 अगस्त जिंदाबाद’ के गगनभेदी नारे लगाए। नारों से पूरा विद्यालय परिसर गूंज उठा।
प्रभात फेरी की तैयारियों में दिखा उत्साह
स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर प्रस्तावित प्रभात फेरी को लेकर भी विद्यार्थियों में खासा उत्साह रहा। बच्चों ने कदमताल करते हुए ‘चल पड़े हम प्रभाती मनाते हुए, देश जय हो…’ तथा ‘जाग जाओ उठो अब सबेरा हुआ…’ जैसे प्रेरणादायक गीतों का अभ्यास किया। शिक्षकों ने बच्चों को अनुशासन, कदमताल और सामूहिक प्रस्तुति के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
विद्यालय प्रबंधन के अनुसार विद्यालय में कुल 272 विद्यार्थी पंजीकृत हैं, जिनमें से अभ्यास कार्यक्रम में 203 विद्यार्थियों की उपस्थिति रही। कार्यक्रम के दौरान विद्यालय प्रबंध समिति (एसएमसी) के अध्यक्ष शिव शंकर सिंह, प्रधानाध्यापक मो. अयूब खान, सहायक अध्यापक ओपी मौर्य, अभिषेक, प्रदीप, बसंत, लल्लन, अंजू, श्यामा, विभा और सीमा समेत विद्यालय के शिक्षक उपस्थित रहे।
विद्यालय परिसर में बच्चों का उत्साह, अनुशासन और देशभक्ति की भावना स्वतंत्रता दिवस समारोह की तैयारियों को लेकर खासा उत्साहजनक नजर आई।
