ग्रामीणों ने पकड़कर पुलिस के हवाले किया, सतरामगंज बाजार में बाइक चोरी की घटनाओं से लोगों में दहशत
सेवराई। गहमर थाना क्षेत्र के स्थानीय सतरामगंज बाजार में रविवार को बाइक चोरी का प्रयास करते समय ग्रामीणों ने एक युवक को रंगे हाथ पकड़ लिया। ग्रामीणों ने आरोपी को पकड़कर गहमर पुलिस के हवाले कर दिया, जबकि उसके तीन अन्य साथी मौके से फरार होने में सफल रहे। पुलिस पकड़े गए युवक से पूछताछ कर उसके फरार साथियों की तलाश में जुटी है।
ग्रामीणों के अनुसार दानापुर, बिहार क्षेत्र के रहने वाले चार युवक सतरामगंज बाजार में एक शराब की दुकान पर आए थे। इसी दौरान उनकी नजर बाजार की मुख्य सड़क पर खड़ी एक बाइक पर पड़ी। आरोप है कि युवकों ने मास्टर चाबी की मदद से बाइक का लॉक खोलकर उसे लेकर जाने का प्रयास किया। इसी दौरान आसपास मौजूद ग्रामीणों को शक हुआ और उन्होंने तत्परता दिखाते हुए एक युवक को पकड़ लिया। ग्रामीणों के पकड़ने की भनक लगते ही उसके तीन साथी मौके से भाग निकले।
ग्रामीणों ने पकड़े गए युवक को गहमर थाना के सेवराई पुलिस के सुपुर्द कर दिया। ग्रामीणों ने मामले को लीपापोती करने का आरोप लगाया।
बताया जाता है कि सतरामगंज बाजार और तहसील परिसर के आसपास से पूर्व में भी कई मोटरसाइकिल चोरी की घटनाएं हो चुकी हैं। लगातार बाइक चोरी की घटनाओं से स्थानीय दुकानदारों, कर्मचारियों और ग्रामीणों में चिंता बनी हुई है। लोगों का कहना है कि बाजार में दिनभर लोगों की आवाजाही के बावजूद वाहन चोरी की घटनाएं पुलिस के लिए चुनौती बनी हुई हैं। लेकिन पुलिस इस मामले को लेकर गंभीर नहीं दिखने से ग्रामीणों में दहशत बना हुआ है।
ग्रामीणों ने बाजार एवं तहसील क्षेत्र में नियमित पुलिस गश्त बढ़ाने, संदिग्ध लोगों पर नजर रखने तथा वाहन चोरी की घटनाओं पर प्रभावी कार्रवाई करने की मांग की है। पुलिस का कहना है कि पकड़े गए युवक के विरुद्ध तहरीर नहीं मिलने के वजह से कोई भी कार्रवाई संभव नहीं हो पाया।
