क्रैक डाउन:रेवतीपुर बॉर्डर पर गहमर पुलिस से मुठभेड़, अंतरजनपदीय हिस्ट्रीशीटर समेत दो शातिर लुटेरे दबोचे


 

पुलिस की जवाबी कार्रवाई में दोनों के पैर में लगी गोली, लूट की नकदी, सोने का लॉकेट, पांच मोबाइल, चोरी की बाइक व अवैध असलहे बरामद; कई जिलों की वारदातों का खुलासा

सेवराई (गाजीपुर)। अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना गहमर पुलिस ने शनिवार को बड़ी सफलता हासिल करते हुए पुलिस मुठभेड़ में अंतरजनपदीय शातिर लुटेरे एवं हिस्ट्रीशीटर समेत दो बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया। रेवतीपुर बॉर्डर पर हुई इस मुठभेड़ के दौरान बदमाशों ने पुलिस टीम पर जानलेवा फायरिंग की, जिसके जवाब में की गई कार्रवाई में दोनों के पैर में गोली लग गई। घायल अवस्था में दोनों को गिरफ्तार कर उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया। पुलिस ने उनके कब्जे से लूट की ₹90,620 नकदी, सोने का लॉकेट, पांच मोबाइल फोन, चोरी की मोटरसाइकिल, दो अवैध तमंचे तथा कारतूस बरामद किए हैं।
पुलिस के अनुसार 29 जुलाई को नवली निवासी मेराज कुरैशी को बकरा खरीदने का झांसा देकर दो बदमाश सुनसान स्थान पर ले गए, जहां तमंचे की बट से हमला कर उससे ₹60 हजार नकद और सोने की चेन लूट ली गई। हमले में पीड़ित का हाथ भी टूट गया था। इसी दौरान कामाख्या धाम स्थित एक मैरिज हॉल संचालक से खुद को कटरा गैंग का सदस्य बताकर फोन पर ₹20 हजार की रंगदारी मांगने और हत्या की धमकी देने का मामला भी सामने आया था। दोनों घटनाओं के संबंध में गहमर थाने में मुकदमा दर्ज कर पुलिस आरोपितों की तलाश में जुटी थी।
प्रभारी निरीक्षक नंद कुमार तिवारी एवं चौकी प्रभारी कामाख्या धाम संजय कुमार यादव के नेतृत्व में पुलिस टीम को मुखबिर से सूचना मिली कि दोनों बदमाश रेवतीपुर बॉर्डर की ओर आने वाले हैं। पुलिस ने घेराबंदी की तो बदमाशों ने बचने के लिए फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में हिस्ट्रीशीटर सुधीर पासी उर्फ ध्रुव पासी निवासी नोनरा थाना मरदह तथा समीम शाह निवासी मलेठी थाना दुल्लहपुर घायल हो गए। दोनों को मौके से गिरफ्तार कर लिया गया।
पूछताछ में पुलिस को कई अहम जानकारियां मिलीं। बरामद सामान के आधार पर गाजीपुर के गहमर, जंगीपुर, कोतवाली, मरदह और सादात थाना क्षेत्रों के अलावा सुल्तानपुर के अखंडनगर तथा आजमगढ़ के जहानागंज में हुई लूट एवं चोरी की घटनाओं के खुलासे का दावा किया गया है। बरामद पांच मोबाइलों में दो मोबाइल लखनऊ के आलमबाग थाना क्षेत्र से चोरी के बताए गए हैं, जबकि लाल रंग की हंटर मोटरसाइकिल भी चोरी की निकली।
पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार हिस्ट्रीशीटर सुधीर पासी के विरुद्ध गाजीपुर, मऊ सहित विभिन्न जनपदों में चोरी, लूट, रंगदारी, गैंगस्टर, आर्म्स एक्ट और अन्य गंभीर धाराओं के तीन दर्जन से अधिक मुकदमे दर्ज हैं। दोनों आरोपितों के विरुद्ध पुलिस पर जानलेवा हमला, आर्म्स एक्ट सहित अन्य धाराओं में भी नया मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई की जा रही है।
प्रभारी निरीक्षक नंद कुमार तिवारी ने बताया कि मुठभेड़ में गिरफ्तार दोनों बदमाश शातिर अपराधी हैं। इनके कब्जे से लूट का माल, अवैध असलहे और चोरी की मोटरसाइकिल बरामद हुई है। पूछताछ में कई जनपदों में हुई आपराधिक घटनाओं का खुलासा हुआ है। अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध थाना गहमर पुलिस का अभियान आगे भी पूरी सख्ती के साथ जारी रहेगा।

error: Content is protected !!
नमस्कार 🙏 हमारे न्यूज पोर्टल - मे आपका स्वागत हैं ,यहाँ आपको हमेशा ताजा खबरों से रूबरू कराया जाएगा , खबर ओर विज्ञापन के लिए संपर्क करे +91 9415000867 ,हमारे यूट्यूब चैनल को सबस्क्राइब करें, साथ मे हमारे फेसबुक को लाइक जरूर करें