मऊ साइबर पुलिस का बड़ा खुलासा: झारखंड के अंतरराज्यीय मोबाइल चोर गिरोह का पर्दाफाश, 23 मोबाइल बरामद


धर्मेन्द्र भारद्वाज | मऊ 

मऊ। साइबर क्राइम थाना मऊ पुलिस ने मोबाइल चोरी और साइबर ठगी करने वाले एक अंतरराज्यीय गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए 03 अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है, जबकि 02 बाल अपचारियों को पुलिस अभिरक्षा में लिया गया है। आरोपियों के कब्जे से 23 मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं, जिनमें 17 मोबाइल चोरी के पाए गए।

पुलिस अधीक्षक मऊ के निर्देशन में चलाए जा रहे अभियान के तहत निरीक्षक योगेंद्र प्रसाद सिंह व उनकी टीम ने इलेक्ट्रॉनिक एवं तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर रामलीला मैदान, रेलवे स्टेशन के पास से आरोपियों को गिरफ्तार किया।

ऐसे करते थे वारदात

पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे दो-दो लोगों के समूह में भीड़भाड़ वाले स्थानों, सब्जी मंडियों और बाजारों में लोगों को निशाना बनाते थे। शर्ट की जेब में रखे मोबाइल को ध्यान भटकाकर चोरी कर लेते थे।

चोरी के बाद यदि मोबाइल में बैंक खाते से जुड़ी सिम मिलती थी तो आरोपी नया यूपीआई बनाकर खाते से रुपये निकाल लेते थे। इसके अलावा चोरी के मोबाइल झारखंड ले जाकर साइबर अपराधियों को बेच देते थे।

23 मोबाइल बरामद

बरामद मोबाइलों में रियलमी, वीवो, मोटोरोला, सैमसंग, ओप्पो, आईक्यूओओ, इंफिनिक्स, रेडमी, लावा, वनप्लस सहित कई कंपनियों के मोबाइल शामिल हैं। पुलिस के अनुसार 17 मोबाइल चोरी के हैं, जबकि बाकी मोबाइल आरोपी अपने उपयोग के बता रहे हैं।

मुकदमे का भी हुआ खुलासा

गिरफ्तार आरोपी छोटू कुमार शाह ने स्वीकार किया कि मोहम्मदाबाद सब्जी मंडी से चोरी हुए वीवो Y19E मोबाइल का इस्तेमाल कर यूपीआई के माध्यम से पैसे निकालकर खर्च कर दिए गए थे और बाद में मोबाइल झारखंड में बेच दिया गया।

आरोपियों का आपराधिक रिकॉर्ड

पुलिस जांच में सामने आया कि गिरोह के मुख्य आरोपी सुदामा महतो और राजू शर्मा पर आजमगढ़, गोरखपुर और अंबेडकरनगर समेत कई जिलों में चोरी, अवैध हथियार, गैंगस्टर एक्ट और अन्य गंभीर धाराओं में मुकदमे दर्ज हैं।

पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ बीएनएस की विभिन्न धाराओं एवं आईटी एक्ट की धारा 66D के तहत कार्रवाई करते हुए उन्हें न्यायालय भेज दिया है। मामले में आगे की जांच जारी है।

error: Content is protected !!
नमस्कार 🙏 हमारे न्यूज पोर्टल - मे आपका स्वागत हैं ,यहाँ आपको हमेशा ताजा खबरों से रूबरू कराया जाएगा , खबर ओर विज्ञापन के लिए संपर्क करे +91 9415000867 ,हमारे यूट्यूब चैनल को सबस्क्राइब करें, साथ मे हमारे फेसबुक को लाइक जरूर करें