.धान की फसल पर मंडराया संकट, सिंचाई व्यवस्था दुरुस्त न होने पर आंदोलन की चेतावनी…
सेवराई (गाजीपुर)। धान की रोपाई के महत्वपूर्ण समय में सेवराई क्षेत्र में सिंचाई संकट गहराता जा रहा है। चौधरी चरण सिंह पंप कैनाल से निकली दिलदारनगर-उसिया रजवाहा में पानी छोड़े जाने के बावजूद टेल (अंतिम छोर) तक पानी नहीं पहुंचने से किसानों में भारी नाराजगी है। भारतीय किसान यूनियन (भाकियू) के नेतृत्व में किसानों ने सोमवार को उपजिलाधिकारी सेवराई गजराज सिंह यादव को ज्ञापन सौंपकर टेल तक निर्बाध जलापूर्ति सुनिश्चित करने की मांग की।
भाकियू के जिला कार्यकारिणी सदस्य एवं किसान नेता भानु प्रताप सिंह ने बताया कि नहर में उसिया सेकेंड तक किसी तरह पानी पहुंच रहा है, लेकिन उसके आगे गोड़सरा, सेवराई सहित टेल क्षेत्र के कई गांवों की नहरें सूखी पड़ी हैं। इससे हजारों बीघा धान की फसल सिंचाई से वंचित है और समय पर पानी नहीं मिलने से फसल सूखने का खतरा बढ़ गया है।
किसानों का आरोप है कि नहर की नियमित सफाई और जल प्रबंधन की समुचित व्यवस्था न होने के कारण हर वर्ष टेल क्षेत्र के किसानों को इसी परेशानी का सामना करना पड़ता है। उन्होंने प्रशासन से तत्काल प्रभावी कदम उठाकर अंतिम छोर तक पानी पहुंचाने की मांग की।
किसान नेता भानु प्रताप सिंह ने चेतावनी दी कि यदि जल्द समाधान नहीं किया गया तो किसान आंदोलन करने के लिए बाध्य होंगे, जिसकी पूरी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी।
इस संबंध में उपजिलाधिकारी गजराज सिंह यादव ने बताया कि सिंचाई विभाग के अधिकारियों से वार्ता कर टेल तक पानी पहुंचाने के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने भरोसा दिलाया कि जल्द ही समस्या का समाधान कराया जाएगा और अंतिम छोर तक पानी पहुंचाने का हरसंभव प्रयास किया जाएगा।
ज्ञापन सौंपने के दौरान ग्राम प्रधान उसिया शम्स तबरेज खान, ग्राम प्रधान देहवल इनाम खान, गुलाम मजहर खान, सरफुद्दीन खान, इबरार खान, भोलू खान, फिरोज खान, नौशाद खान, मोहम्मद अली खान, मेराज खान, मुजम्मिल खान, खुर्शीद खान, हिसामुद्दीन खान, नूरुल होदा खान सहित बड़ी संख्या में किसान मौजूद रहे।
