सेवराई। तहसील क्षेत्र के गहमर गांव निवासी स्वतंत्रता संग्राम सेनानी स्वर्गीय डोमा सिंह की पत्नी सिंहासनी देवी का रविवार की सुबह 95 वर्ष की आयु में निधन हो गया। उनके निधन की खबर से परिजनों सहित पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई। उनका अंतिम संस्कार गहमर के नरवा गंगा घाट पर पुत्र मकसूदन सिंह ने मुखाग्नि देकर किया। परिजनों के अनुसार सिंहासनी देवी पिछले कुछ समय से अस्वस्थ चल रही थीं। रविवार सुबह करीब 7:15 बजे उन्होंने गहमर स्थित अपने पैतृक आवास पर अंतिम सांस ली। निधन की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण और शुभचिंतक उनके आवास पर पहुंचे तथा पुष्पांजलि अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। प्रभारी तहसीलदार सेवराई पंकज कुमार ने भी दिवंगत के आवास पर पहुंचकर श्रद्धासुमन अर्पित किए और शोक संतप्त परिजनों को ढांढस बंधाया। ग्राम प्रधान बलवंत सिंह ‘बाला’ ने बताया कि स्वतंत्रता संग्राम सेनानी स्वर्गीय डोमा सिंह की स्मृति में गांव के पंचायत भवन परिसर में उनकी प्रतिमा स्थापित की गई है, ताकि आने वाली पीढ़ियां उनके स्वतंत्रता संग्राम में योगदान और गांव के गौरवशाली इतिहास से प्रेरणा ले सकें।दिवंगत सिंहासनी देवी के निधन पर क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों, गणमान्य नागरिकों और ग्रामीणों ने गहरा शोक व्यक्त करते हुए उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। इस मौके पर राजस्व निरीक्षक रमेश कुमार, लेखपाल छोटेलाल, सिद्ध नारायण उपाध्याय, संजय कुमार आदि सहित गांव के गणमान्य लोग एवं परिजन मौजूद रहे।
स्वतंत्रता संग्राम सेनानी डोमा सिंह की पत्नी सिंहासनी देवी का निधन, नरवा गंगा घाट पर हुआ अंतिम संस्कार
