सेवराई (गाजीपुर)। संभावित बाढ़ को देखते हुए तहसील प्रशासन ने शनिवार को तहसील क्षेत्र के नरायनपुर स्थित प्राथमिक विद्यालय परिसर में बाढ़ चौपाल का आयोजन किया। चौपाल में ग्रामीणों को बाढ़ के दौरान बरती जाने वाली सावधानियों, राहत एवं बचाव उपायों की जानकारी देकर जागरूक किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।
तहसीलदार पंकज कुमार ने कहा कि बाढ़ जैसी प्राकृतिक आपदा के समय थोड़ी सी लापरवाही भी जान-माल के लिए भारी पड़ सकती है। उन्होंने ग्रामीणों से अपील की कि बाढ़ की स्थिति में प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें तथा सुरक्षित स्थानों पर जाने में सहयोग करें।
उन्होंने जलभराव वाले क्षेत्रों में अनावश्यक आवागमन से बचने, बच्चों एवं बुजुर्गों का विशेष ध्यान रखने तथा किसी भी आपात स्थिति की सूचना तत्काल संबंधित अधिकारियों को देने की सलाह दी। साथ ही ग्रामीणों से अफवाहों पर ध्यान न देने और केवल प्रशासन द्वारा जारी आधिकारिक सूचनाओं पर ही भरोसा करने का आग्रह किया।
चौपाल के दौरान राजस्व एवं अन्य संबंधित विभागों के अधिकारियों ने भी ग्रामीणों को आपदा प्रबंधन, राहत व्यवस्था और आवश्यक संपर्क सूत्रों की जानकारी दी। ग्रामीणों ने भी बाढ़ से जुड़ी अपनी समस्याएं और सुझाव प्रशासन के समक्ष रखे।
