भांवरकोल/गाजीपुर। क्षेत्र के तेतरिया गांव में आयोजित त्रिदिवसीय श्री हनुमत प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव का शुभारंभ शुक्रवार को वैदिक मंत्रोच्चार एवं धार्मिक अनुष्ठानों के साथ हुआ। प्रथम दिन बेदी पूजन एवं अन्नाधिवास कार्यक्रम के साथ श्रद्धालुओं ने गांव से लगभग पांच किलोमीटर दूर स्थित गंगा तट से पवित्र जल भरकर भव्य कलश एवं शोभायात्रा निकाली।कलश यात्रा में बच्चे, महिलाएं और पुरुष बड़ी संख्या में शामिल हुए। माथे पर कलश धारण किए बच्चे और महिलाएं लाल एवं पीले परिधानों में आकर्षण का केंद्र बने रहे। गाजे-बाजे और जय श्रीराम तथा जय बजरंगबली के उद्घोष के बीच निकली यह शोभायात्रा पूरे गांव की परिक्रमा करते हुए यज्ञ मंडप पहुंची, जिससे पूरे क्षेत्र का वातावरण भक्तिमय हो उठा। शनिवार को जलाधिवास, पुष्पाधिवास, शय्याधिवास एवं नगर भ्रमण का आयोजन होगा, जबकि रविवार, 5 जुलाई को श्री हनुमान जी की मूर्ति की विधिवत स्थापना, प्राण प्रतिष्ठा, प्रसाद वितरण, भंडारा एवं पूर्णाहुति के साथ समारोह का समापन होगा। यज्ञाचार्य मंजेश पाण्डेय के निर्देशन में आयोजित इस धार्मिक आयोजन में समस्त ग्रामवासी एवं क्षेत्रवासी उत्साहपूर्वक सहभागिता कर रहे हैं।
गंगा जल के साथ निकली भव्य कलश शोभायात्रा, भक्तिमय माहौल में शुरू हुआ श्री हनुमत प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव
