कासिमाबाद (गाजीपुर)। भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो) कासिमाबाद द्वितीय के उपाध्यक्ष एवं मुहम्मदपुर कुसुम निवासी विनय चौहान के आकस्मिक निधन से क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। उनके असामयिक निधन की खबर मिलते ही भाजपा और भाजयुमो कार्यकर्ताओं के साथ-साथ क्षेत्र के गणमान्य लोगों और ग्रामीणों में गहरा दुःख व्याप्त हो गया। बड़ी संख्या में लोग उनके आवास पर पहुंचे और शोक संतप्त परिवार को सांत्वना देते हुए अपनी श्रद्धांजलि अर्पित की।
अंतिम दर्शन के दौरान भाजयुमो जिला अध्यक्ष विश्व प्रकाश अकेला ने विनय चौहान के पार्थिव शरीर पर भाजपा का झंडा ओढ़ाकर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि विनय चौहान संगठन के एक कर्मठ, समर्पित और सक्रिय कार्यकर्ता थे। उन्होंने सदैव पार्टी की विचारधारा और जनसेवा के कार्यों को आगे बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उनका निधन संगठन के लिए अपूरणीय क्षति है, जिसकी भरपाई करना कठिन होगा।
श्रद्धांजलि सभा में उपस्थित कार्यकर्ताओं और क्षेत्रवासियों ने दो मिनट का मौन रखकर दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की तथा ईश्वर से परिजनों को इस दुःखद घड़ी को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की कामना की। अंतिम यात्रा में उमड़ी भारी भीड़ ने विनय चौहान के प्रति लोगों के स्नेह, सम्मान और लोकप्रियता को स्पष्ट रूप से प्रदर्शित किया। विनय चौहान मुहम्मदपुर कुसुम के वर्तमान ग्राम प्रधान के भतीजे थे और गांव के विकास कार्यों में बढ़-चढ़कर भाग लेते थे। सामाजिक और संगठनात्मक गतिविधियों में उनकी सक्रिय भागीदारी के कारण वे युवाओं के बीच काफी लोकप्रिय थे।
बताया गया कि विनय चौहान पिछले पांच दिनों से गंभीर रूप से बीमार थे। उनकी बीमारी के दौरान भाजयुमो जिला अध्यक्ष विश्व प्रकाश अकेला और आनंद पांडेय ‘नीरज’ लगातार उनके साथ अभिभावक की तरह खड़े रहे। उपचार के लिए उन्हें मऊ, गाजीपुर और बाद में लखनऊ तक ले जाने में दोनों नेताओं ने हर संभव प्रयास किया। विनय चौहान के निधन के बाद विश्व प्रकाश अकेला, आनंद पांडेय नीरज तथा भाजयुमो जिला उपाध्यक्ष अमरनाथ शर्मा भावुक हो उठे। उन्होंने कहा कि संगठन ने केवल एक सक्रिय कार्यकर्ता ही नहीं, बल्कि एक भरोसेमंद साथी और सच्चा मित्र भी खो दिया है।
इस दौरान भाजयुमो मंडल अध्यक्ष मनीष तिवारी, सतीश गिरी, अर्जुन, विवेक चौहान, डिंपल राय, दिलीप साहनी, अमित अकेला, विशाल कुशवाहा, रामविलास राजभर, विशाल सिंह, राजेश चौरसिया, आनंद मौर्य सहित हजारों लोग अंतिम यात्रा में शामिल होकर दिवंगत विनय चौहान को नम आंखों से अंतिम विदाई दी।
