सर्प दंश से भैंस की मौत,


नगसर । थाना क्षेत्र के नूरपुर गांव में शुक्रवार को एक दर्दनाक घटना में जहरीले सर्प के डसने से एक भैंस की मौत हो गई। घटना से पशुपालक बीरबल सिंह को भारी आर्थिक क्षति पहुंची है। सूचना मिलने पर पशु चिकित्सा विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर भैंस का पोस्टमार्टम किया, जिसमें सर्पदंश से मौत की पुष्टि हुई। वहीं राजस्व विभाग ने भी मौके का निरीक्षण कर सहायता के लिए सर्वे रिपोर्ट उच्चाधिकारियों को भेज दी है।

जानकारी के अनुसार, नूरपुर निवासी पशुपालक बीरबल सिंह ने रोज की तरह अपनी भैंस को घर के पास आंगन में ही (चरन) नाद में चारा खिलाने के लिए खूंटे से बांध दिया था। कुछ देर बाद जब वह दोबारा वहां पहुंचे तो भैंस अचेत अवस्था में जमीन पर पड़ी थी और उसके मुंह से झाग निकल रहा था। पास जाकर देखा तो एक जहरीला सांप भैंस की पूंछ को अपने मुंह से दबोचे हुए था। उन्होंने तत्काल डंडे की सहायता से किसी तरह सांप को वहां से भगाया, लेकिन तब तक भैंस की हालत गंभीर हो चुकी थी और उसकी मौत हो गई।

घटना की सूचना मिलते ही पशु चिकित्सक डॉ. शशिभूषण एवं पशु मित्र संजय सिंह की टीम मौके पर पहुंची और भैंस का पोस्टमार्टम किया। डॉ. शशिभूषण ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट में भैंस की मृत्यु जहरीले सर्प के डसने से होने की पुष्टि हुई है। रिपोर्ट आवश्यक कार्रवाई के लिए संबंधित अधिकारियों को भेज दी गई है।

उधर, ग्रामीणों की सूचना पर लेखपाल शंकर यादव भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने घटना का निरीक्षण कर सर्वे रिपोर्ट तैयार की और उच्चाधिकारियों को प्रेषित कर दी। लेखपाल ने बताया कि शासन स्तर से मंजूरी मिलते ही नियमानुसार पीड़ित पशुपालक को आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई जाएगी।

घटना के बाद गांव में शोक का माहौल है। ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि पीड़ित पशुपालक को शीघ्र आर्थिक सहायता प्रदान की जाए, ताकि उसकी क्षति की भरपाई में कुछ राहत मिल सके।

error: Content is protected !!
नमस्कार 🙏 हमारे न्यूज पोर्टल - मे आपका स्वागत हैं ,यहाँ आपको हमेशा ताजा खबरों से रूबरू कराया जाएगा , खबर ओर विज्ञापन के लिए संपर्क करे +91 9415000867 ,हमारे यूट्यूब चैनल को सबस्क्राइब करें, साथ मे हमारे फेसबुक को लाइक जरूर करें