सादात-गाज़ीपुर। बहरियाबाद थाना क्षेत्र के रायपुर बाजार स्थित एक निजी फाइनेंस कंपनी के दफ्तर में गुरुवार को बैंक कर्मचारी का शव संदिग्ध परिस्थितियों में मिला। घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने मौके की जांच-पड़ताल की और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। जानकारी के अनुसार, बहरियाबाद थाना क्षेत्र के राजापुर निवासी इंद्रजीत यादव (30 वर्ष), पुत्र स्वर्गीय फौजदार यादव, रायपुर बाजार स्थित ‘विनयना इन्वेस्टमेंट एंड फाइनेंस प्राइवेट लिमिटेड’ में कर्मचारी थे। यह कंपनी फातिमपुर गांव निवासी जयप्रकाश यादव के मकान में संचालित होती है। बुधवार शाम को इंद्रजीत अपने प्रबंधक धर्मेंद्र यादव के साथ राजापुर गांव में एक मांगलिक कार्यक्रम में शामिल होने गया था। रात करीब नौ बजे दोनों वापस लौटे और दफ्तर की ऊपरी मंजिल पर विश्राम करने चले गए। गुरुवार सुबह करीब आठ बजे जब कंपनी के प्रबंधक धर्मेंद्र यादव (निवासी बड़िहारी, सैदपुर) निचले तल पर स्थित दफ्तर में आए, तो वहां कर्मचारी को मृत अवस्था में देखकर दंग रह गए। प्रबंधक के शोर मचाने पर आस-पास के लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई। घटना की सूचना मिलते ही बहरियाबाद थानाध्यक्ष वासुदेव प्रसाद पुलिस बल और फॉरेंसिक टीम के साथ मौके पर पहुंचे। थानाध्यक्ष ने बताया कि शुरुआती जांच में मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। फॉरेंसिक साक्ष्यों और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
मृतक के परिवार में मचा कोहराम
मृतक इंद्रजीत के पिता का निधन उनके बचपन में ही हो गया था, जिसके बाद उनके बड़े पिता ने ही उनका पालन-पोषण किया था। इस दर्दनाक घटना की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंचे परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। गांव में भी इस घटना को लेकर शोक का माहौल है।
