मुहर्रम के ‘तीजा’ पर उमड़ा अकीदत का सैलाब, अखाड़ों के हैरतअंगेज करतब बने आकर्षण का केंद्र


भांवरकोल। थाना क्षेत्र के मुड़ेरा बुजुर्ग गांव में मुहर्रम के उपरांत परंपरागत रूप से मनाया जाने वाला ‘तीजा’ सोमवार कि रात को गहरी अकीदत और उत्साह के साथ संपन्न हुआ। इस अवसर पर क्षेत्र के विभिन्न गांवों से हजारों अकीदतमंद पहुंचे और कर्बला के शहीदों, विशेषकर हजरत इमाम हुसैन की याद में आयोजित कार्यक्रमों में शामिल हुए।

 

तीजा के अवसर पर उतरांव, आमांव, उजियार, सुखडेहरा, मुहम्मदाबाद, खैराबारी, दुबिहां नेवादा, कबीरपुर, भरौली सहित अनेक गांवों के अखाड़े का जुलूस भांवरकोल क्षेत्र के मुड़ेरा बुजुर्ग पहुंचे। विभिन्न अखाड़ों का मिलन पूरे आयोजन का प्रमुख आकर्षण रहा।

 

मुहर्रम के बाद तीसरे दिन मनाया जाने वाला यह पारंपरिक आयोजन क्षेत्र की वर्षों पुरानी धार्मिक और सांस्कृतिक विरासत का हिस्सा है। तीजा के दौरान निकाले गए जुलूस में युवा पारंपरिक हथियारों के साथ लाठी, तलवार एवं अन्य युद्ध कौशल का शानदार प्रदर्शन करते नजर आए। अखाड़ों के खिलाड़ियों ने हैरतअंगेज करतब दिखाकर लोगों को मंत्रमुग्ध कर दिया। पूरे अखाड़े में “या हुसैन” की सदाएं गूंजती रहीं और अकीदतमंदों ने कर्बला के शहीदों को खिराज-ए-अकीदत पेश किया।

 

कर्बला का इतिहास केवल एक युद्ध की कहानी नहीं, बल्कि सत्य, न्याय, इंसानियत और अत्याचार के विरुद्ध संघर्ष का प्रतीक माना जाता है। हजरत इमाम हुसैन ने अपने 72 साथियों के साथ अन्याय के सामने झुकने के बजाय शहादत का मार्ग चुना। उनकी यही कुर्बानी आज भी पूरी दुनिया को सत्य और इंसाफ के लिए डटे रहने का संदेश देती है। तीजा के अवसर पर भी उसी बलिदान और उस संदेश को श्रद्धापूर्वक याद किया गया।

 

कार्यक्रम के दौरान हिंदू और मुस्लिम समुदाय के लोगों ने मिलकर आयोजन में सहभागिता निभाई, जिससे क्षेत्र में आपसी भाईचारे और सामाजिक समरसता की मिसाल देखने को मिली। बड़ी संख्या में लोग जुलूस देखने पहुंचे और पूरे आयोजन का शांतिपूर्ण वातावरण में आनंद लिया। कार्यक्रम सकुशल संपन्न कराने में कमेटी के सदस्य डॉ असलम, डॉ इसरार, डॉ अमजद फ़रीदी, नेपाली, रियाज़ अहमद, अशफाक फ़रीदी, सलीम, अबरार अंसारी, तौफीक जक्की, हसामुद्दीन और शकील सहित अन्य सदस्यों ने व्यवस्था संभाली और कार्यक्रम को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराया।

error: Content is protected !!
नमस्कार 🙏 हमारे न्यूज पोर्टल - मे आपका स्वागत हैं ,यहाँ आपको हमेशा ताजा खबरों से रूबरू कराया जाएगा , खबर ओर विज्ञापन के लिए संपर्क करे +91 9415000867 ,हमारे यूट्यूब चैनल को सबस्क्राइब करें, साथ मे हमारे फेसबुक को लाइक जरूर करें