लखनऊ / मऊ। भारतीय जनता पार्टी ने संगठनात्मक विस्तार के तहत नई प्रदेश कार्यकारिणी की घोषणा कर दी है। बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी द्वारा जारी सूची में घोसी के पूर्व विधायक विजय राजभर को प्रदेश मंत्री नियुक्त किया गया है। इस नियुक्ति के बाद राजभर समर्थकों और कार्यकर्ताओं में खुशी की लहर है।
विजय राजभर को संगठन में महत्वपूर्ण जिम्मेदारी मिलने को पूर्वांचल और राजभर समाज के बीच बीजेपी की मजबूत रणनीति के रूप में देखा जा रहा है। पार्टी नेतृत्व ने उन पर भरोसा जताते हुए प्रदेश स्तर पर अहम दायित्व सौंपा है।
नियुक्ति के बाद विजय राजभर ने पार्टी के शीर्ष नेतृत्व का आभार व्यक्त करते हुए कहा, “मैं भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय नेतृत्व, प्रदेश नेतृत्व और प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी जी का हृदय से धन्यवाद करता हूं। पार्टी ने जो जिम्मेदारी मुझे सौंपी है, उसका पूरी निष्ठा और ईमानदारी के साथ निर्वहन करूंगा। संगठन को और अधिक मजबूत बनाने तथा सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को जनता तक पहुंचाने के लिए पूरी ताकत से कार्य करूंगा।”
उन्होंने कहा कि भाजपा कार्यकर्ता आधारित पार्टी है और संगठन द्वारा दिए गए प्रत्येक दायित्व को वह पूरी प्रतिबद्धता के साथ निभाएंगे।
प्रदेश मंत्री बनाए जाने की खबर सामने आते ही घोसी सहित पूर्वांचल के विभिन्न जिलों से कार्यकर्ताओं और समर्थकों ने विजय राजभर को बधाई देना शुरू कर दिया है।
Edited by Umashankar
