कुशीनगर । रामकोला चीनी मिल के प्रधान प्रबंधक यशराज सिंह ने मिल क्षेत्र के ग्राम पिपरा खुर्द का भ्रमण कर प्रगतिशील किसान मनोज राय के खेत में गन्ना फसल का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने गन्ने में लगने वाले चोटी बेधक (टॉप बोरर) कीट के नियंत्रण हेतु लगाए गए सोलर लाइट ट्रैप का अवलोकन किया तथा उपस्थित किसानों को इसके उपयोग एवं लाभ की विस्तृत जानकारी दी।
प्रधान प्रबंधक ने बताया कि सोलर लाइट ट्रैप हानिकारक कीटों को आकर्षित कर उनकी संख्या नियंत्रित करने का प्रभावी एवं पर्यावरण अनुकूल माध्यम है। इसके प्रयोग से रासायनिक कीटनाशकों पर निर्भरता कम होती है तथा फसल की गुणवत्ता एवं उत्पादन में सुधार होता है।
उन्होंने किसानों को शरदकालीन गन्ना बुआई के लाभ बताते हुए कहा कि इस मौसम में बोई गई फसल का विकास बेहतर होता है और उपज भी अधिक प्राप्त होती है। साथ ही उन्होंने किसानों को क्षेत्र के लिए उपयुक्त उन्नतशील गन्ना प्रजातियों के चयन एवं वैज्ञानिक खेती अपनाने की सलाह दी।
इस अवसर पर उपस्थित किसानों ने गन्ना उत्पादन बढ़ाने एवं कीट नियंत्रण से संबंधित विभिन्न जानकारियां प्राप्त कीं तथा चीनी मिल द्वारा किसानों को समय-समय पर दिए जा रहे तकनीकी मार्गदर्शन की सराहना की।

