उतराव। करीमुद्दीनपुर थाना क्षेत्र के कमसड़ी गांव के पास रविवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में ट्रक चालक की मौत हो गई। कोलकाता से रिफाइंड ऑयल लेकर गोरखपुर जा रहा ट्रक अनियंत्रित होकर पलट गया, जिसमें चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। ग्रामीणों और पुलिस की मदद से उसे बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार करीमुद्दीनपुर थाना क्षेत्र के गोविंदपुर गांव निवासी रामरतन यादव (40 वर्ष) कोलकाता से रिफाइंड ऑयल लादकर गोरखपुर जा रहे थे। रविवार की रात लगभग 11 बजे वह अपने गांव पहुंचे और घर पर भोजन करने के बाद पुनः ट्रक लेकर गोरखपुर के लिए रवाना हुए।
बताया जा रहा है कि घर से महज आठ किलोमीटर दूर कमसड़ी गांव के पास अचानक ट्रक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गया। हादसे के बाद ट्रक में फंसे चालक को ग्रामीणों ने काफी मशक्कत के बाद बाहर निकाला। सूचना मिलते ही पुलिस भी मौके पर पहुंच गई।
गंभीर रूप से घायल रामरतन यादव को पहले बाराचवर स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उन्हें गाजीपुर मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। मेडिकल कॉलेज पहुंचने पर डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।
हादसे की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। मृतक की पत्नी रम्भा देवी, मां सुमित्रा देवी और बेटी सोनम का रो-रोकर बुरा हाल है। परिजनों के अनुसार रामरतन यादव परिवार के मुख्य सहारा थे और उनकी असमय मौत से पूरा परिवार गहरे सदमे में है।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी हाउस में रखवा दिया है तथा आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
ग्रामीणों ने बताया कि रामरतन यादव मेहनती और मिलनसार स्वभाव के व्यक्ति थे। उनकी अचानक मौत से पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई है।
