सादात – गाज़ीपुर नगर स्थित रघुवंश चौराहा के पास निर्माणाधीन एन एच 124_डी सड़क पर बीते दिनों पाइपलाइन मरम्मत के लिए की गई खुदाई एवं चौराहों पर जंक्शन निर्माण नहीं होने से राहगीरों और वाहन चालकों के लिए जी का जंजाल बन चुकी है। पिछले दिनों खोदी गई इस सड़क पर खतरनाक गड्ढे बन गए हैं, जिससे आए दिन गाड़ियां फंस रही हैं और दुर्घटनाओं का अंदेशा बना हुआ है।मार्केट में प्रवेश के लिए जंक्शन निर्माण / अप्रोच मार्ग नहीं बनने से तेज रफ्तार आ रही गाड़ियों में टक्कर होने से काफ़ी लोग चोटिल हो रहे हैँ l इसी क्रम में शुक्रवार की रात एक बड़ा हादसा होते-होते बचा। लहरतारा (वाराणसी) से प्लाईवुड लादकर आ रहा एक मिनी ट्रक रघुवंश चौराहे के पास बने गहरे गड्ढे में अचानक फंस गया। सड़क के बीचों-बीच ट्रक के फंसने से मार्ग पर कुछ समय के लिए आवागमन भी बाधित हो गया। मिनी ट्रक के चालक कमलेश यादव ने तत्काल इसकी सूचना सादात निवासी संबंधित दुकानदार को दी। इसके बाद स्थानीय लोगों की मदद से भारी मशक्कत के बाद देर रात ट्रक को किसी तरह गड्ढे से बाहर निकाला जा सका। स्थानीय दुकानदारों और निवासियों का कहना है कि इस मार्ग से गुजरना अब खतरे से खाली नहीं रह गया है। क्षेत्रीय जनता और व्यापारियों ने नेशनल हाईवे (NH 124D) का निर्माण करा रही कार्यदायी संस्था और संबंधित ठेकेदारों का ध्यान इस ओर आकृष्ट कराते हुए मांग की है कि रघुवंश चौराहा के आस-पास की इस बदहाल सड़क की तत्काल मरम्मत कराई जाए, एवं सभी चौराहों पर जंक्शन का निर्माण जल्द से जल्द कराया जाए ताकि इसे जल्द से जल्द सुरक्षित और चलने योग्य बनाया जा सके।
सादात में राष्ट्रीय राजमार्ग 124 डी पर मरम्मत के लिए पाइप लाइन खोद कर छोड़ने एवं चौराहों पर जंक्शन नहीं बनने से राहगीर हो रहे चोटिल
