रसड़ा विकास खण्ड के पकवाइनार स्थित प्रगति फाउंडेशन कार्यालय पर माहवारी स्वच्छता प्रबंधन एवं किशोरी स्वास्थ्य विषय पर दो दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम प्रगति फाउंडेशन रतनपुरा के सौजन्य से सम्पन्न हुआ, जिसमें क्षेत्र की किशोरी लीडर्स ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।प्रशिक्षण कार्यक्रम की प्रशिक्षक शिखा तिवारी ने किशोरियों को माहवारी से जुड़ी वैज्ञानिक एवं व्यवहारिक जानकारी प्रदान की। उन्होंने बताया कि माहवारी एक प्राकृतिक प्रक्रिया है और इसे लेकर किसी प्रकार की शर्म या संकोच नहीं होना चाहिए। प्रशिक्षण में माहवारी के दौरान स्वच्छता बनाए रखने, संतुलित भोजन, एनीमिया से बचाव, संक्रमण से सुरक्षा तथा सैनिटरी पैड के सही उपयोग एवं निस्तारण के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई।
कार्यक्रम में किशोरियों ने खुलकर अपने सवाल पूछे तथा माहवारी से जुड़ी समस्याओं पर चर्चा की। प्रशिक्षक ने किशोरियों को मानसिक एवं शारीरिक स्वास्थ्य के प्रति जागरूक रहने की सलाह दी। संस्था निदेशक अंजली चौहान ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में आज भी माहवारी को लेकर जागरूकता की कमी है, जिसके कारण किशोरियों को कई समस्याओं का सामना करना पड़ता है। ऐसे प्रशिक्षण कार्यक्रमों के माध्यम से किशोरियों में जागरूकता बढ़ाने और उन्हें आत्मनिर्भर बनाने का प्रयास किया जा रहा है। कार्यक्रम के अंत में उपस्थित प्रतिभागियों को स्वच्छता एवं स्वास्थ्य संबंधी आवश्यक जानकारी के साथ जागरूक रहने का संदेश दिया गया। इस दौरान परियोजना प्रबंधक विमलेश तिवारी, वंदना अंजली जागृति गुप्ता, साक्षी आकांक्षा सुनैना सहित 30 किशोरियां उपस्थित रही
