सादात (गाजीपुर)। सादात थाना क्षेत्र के कुवाटी नहर पुलिया के पास शनिवार को दिनदहाड़े बाइक सवार नकाबपोश बदमाशों ने एक युवक को तमंचा सटाकर 10 ग्राम सोने की चेन, तीन हजार नकद और मोबाइल फोन लूट लिया। बदमाशों ने युवक के बाइक की चाभी निकालकर दूर फेंक दिया। भुक्तभोगी आजमगढ़ जिला के मेहनाजपुर थाना अंतर्गत ग्राम तियरा का रहने वाला है। पीड़ित ने 112 नंबर पर पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद स्थानीय पुलिस के साथ ही सैदपुर के सीओ और एडिशनल एसपी भी घटनास्थल पर पहुंच गए। पुलिस आसपास लगे सीसी टीवी कैमरा का फुटेज खंगालने के साथ ही लोगों से पूछताछ कर आगे की कार्रवाई में जुटी है।
आजमगढ़ जिला के मेहनाजपुर थाना अंतर्गत ग्राम तियरा निवासी आदित्य सिंह पुत्र कपिलदेव सिंह ने पुलिस को बताया कि वह कैथवलिया स्थित अपने ससुराल से घर जा रहा था, तभी कुवाटी नहर पुलिया के पास पल्सर सवार दो नकाबपोशों ने उनकी बाइक को ओवरटेक कर रोक लिया। बदमाशों ने उन पर पिस्टल तान दी और उनकी 10 ग्राम सोने की चेन तथा मोबाइल फोन छीनकर फरार हो गए। जाते समय बाइक की चाभी भी छीनकर दूर फेंक दिए। आदित्य सिंह के अनुसार, पल्सर बाइक पर ‘2’ लिखा हुआ था और दोनों बदमाशों ने अपने चेहरे गमछे से ढके हुए थे। उसने बताया कि बदमाश उसकी मोबाइल को कुछ दूर आगे जाने के बाद फेंककर चले गए। घटना के बाद 112 नंबर पर फोन किया। कुछ ही देर बाद मखदुमपुर चौकी प्रभारी पुनीत कुमार चौधरी और सादात थानाध्यक्ष पन्नेलाल यादव फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे। थानाध्यक्ष पन्नेलाल यादव ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपियों का पता लगा लिया जाएगा।
उधर घटना की जानकारी पाकर सीओ सैदपुर रामकृष्ण तिवारी और एडिशनल एसपी भी घटनास्थल पर पहुंच गए। पुलिस आगे की कार्रवाई में जुटी है।
दिनदहाड़े बाइक सवार नकाबपोश बदमाशों ने एक युवक को तमंचा सटाकर 10 ग्राम सोने की चेन, तीन हजार नकद और मोबाइल फोन लूटा
