बहादुरगंज۔कासिमाबाद۔ कासिमाबाद कोतवाली क्षेत्र के बहादुरगंज नगर पंचायत में बृहस्पतिवार की देर रात बरातियों के उत्पात में चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों में एक की हालत नाजुक बताई जा रही है, जिसका इलाज मऊ के एक निजी अस्पताल में चल रहा है। पुलिस ने पीड़ित की तहरीर पर चार नामजद समेत अन्य अज्ञात लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
क्या है पूरा मामला
कासिमाबाद कोतवाली प्रभारी निरीक्षक राज नारायण ने बताया कि बहादुरगंज नगर पंचायत के वार्ड नंबर-4 निवासी रामविलास राय (55) अपने भतीजे मंगल राय (26), के साथ रात के 10 बजे छोटी पुलिया के पास आर्टिगा गाड़ी से अभी पहुंचे थे कि कोपागंज थाना क्षेत्र से आई बारात जो कि मां चंडी मैरिज हाल में आई बारात के लोग रोड पर डी जे की धुन पर नाच रहे थे हम लोगों ने हॉर्न बजाकर रास्ता देने की गुहार लगाई लेकिन कोई असर नहीं हुआ जिस पर बारातियों ने आकर गाड़ी के बोनट पर मारना शुरू कर दिया और देखते ही देखते विवाद बढ़ने लगा हम लोगों की चीख पुकार सुनकर आस पास के लोग बीच बचाव के लिए दौड़े जिसमें रामप्रवेश राय (65) और विनोद राय (55) ने बीच बचाव कर विवाद को शांत कराने हेतु प्रयास कर ही रहे थे कि लोगों ने उन पर भी हमला बोल दिया और उन्हें भी घायल कर दिया जिसमें विनोद राय को सर में पत्थर लगने से वह मौके पर ही गिर पड़े और उनकी हालत गम्भीर हो गई। जिन्हें स्थानीय चिकित्सक ने स्थिति देख मऊ के लिए रिफर कर दिया। वहीं पर पूर्व सभासद रामविलास राय उर्फ़ पिंटू राय का आरोप है कि कार को रास्ता देने की बात कहने पर बरातियों ने गाली-गलौज शुरू कर दी। विरोध करने पर बरातियों ने लाठी-डंडे, और पत्थरों से हमला कर दिया। अचानक हुए हमले में कार सवार चारों लोग घायल हो गए।
सूचना मिलने पर बहादुरगंज चौकी पुलिस मौके पर पहुंची। बरातियों की संख्या अधिक होने के कारण स्थिति नियंत्रित करने में पुलिस को काफी मशक्कत करनी पड़ी। बाद में अतिरिक्त पुलिस बल बुलाया गया। घायलों में विनोद राय की हालत गंभीर होने पर उन्हें मऊ के निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जबकि अन्य तीन घायलों का इलाज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कासिमाबाद में कराया गया।
प्रभारी निरीक्षक राज नारायण ने बताया कि पीड़ित रामविलास राय उर्फ़ पिंटू राय की तहरीर पर चार नामजद और अन्य अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच की जा रही है। वहीं ग्रामीणों के बीच चर्चा है कि बरातियों और ग्रामीणों के बीच हुई मारपीट में कई अन्य लोग भी घायल हुए हैं। इस दौरान कुछ वाहनों के शीशे भी टूट गए। पुलिस रात से ही क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने में जुटी हुई है। देर शाम दूसरे पक्ष की तरफ से अभी तक कोई तहरीर नहीं दी गई थी जबकि पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर अग्रिम कार्रवाई प्रारंभ कर दी है।
