गाजीपुर जनपद के वीरभानपुर मलिकनगांव, बहरियाबाद निवासी एवं “रजा गारमेंट बहरियाबाद” के मालिक जहांगीर उर्फ मुन्ना जी की बेटी मोनिज़ा फातिमा ने CBSE इंटरमीडिएट परीक्षा में शानदार प्रदर्शन करते हुए 95 प्रतिशत अंक प्राप्त कर लालसा इंटरनेशनल स्कूल, रायपुर में प्रथम स्थान हासिल किया है।
मोनिज़ा की इस उपलब्धि से परिवार, विद्यालय और पूरे क्षेत्र में खुशी की लहर दौड़ गई। परीक्षा परिणाम घोषित होने के बाद से ही उनके घर पर बधाई देने वालों का तांता लगा रहा। ग्रामीणों और शुभचिंतकों ने मिठाई खिलाकर तथा आशीर्वाद देकर बिटिया की सफलता का जश्न मनाया।
मोनिज़ा फातिमा को शुभकामनाएं देने के लिए वासीम फारूकी, फ़ैज़ि भावी प्रधान, सफ़ाउद्दीन सिद्दीकी एवं ई० विजय कुमार उनके घर पहुंचे। सभी ने उनकी मेहनत और लगन की सराहना करते हुए कहा कि बेटियां आज शिक्षा के क्षेत्र में नई मिसाल कायम कर रही हैं।
ग्रामीणों ने कहा कि मोनिज़ा ने अपनी सफलता से न सिर्फ अपने माता-पिता बल्कि पूरे गांव और क्षेत्र का नाम रोशन किया है। गांव के लोगों ने इसे क्षेत्र के लिए गर्व का क्षण बताया।
विद्यालय के शिक्षकों ने भी मोनिज़ा की सफलता पर खुशी व्यक्त करते हुए कहा कि वह शुरू से ही पढ़ाई के प्रति गंभीर और अनुशासित छात्रा रही हैं। उनकी यह उपलब्धि अन्य छात्र-छात्राओं के लिए प्रेरणास्रोत बनेगी।
मोनिज़ा फातिमा ने अपनी सफलता का श्रेय अपने माता-पिता, शिक्षकों और परिवार के सहयोग को दिया। उन्होंने कहा कि आगे चलकर उच्च शिक्षा प्राप्त कर समाज और देश के लिए कुछ बेहतर करने का सपना है।
