नगसर । प्राथमिक विद्यालय पिअजुआं में चोरी की घटना से शिक्षा विभाग में हड़कंप मच गया। विद्यालय के कार्यालय का ताला तोड़कर चोर करीब 30 हजार रुपये मूल्य का विभिन्न प्रकार का बहुमूल्य सामान उठा ले गए। मामले में पुलिस ने सोमवार को मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
शिक्षा विभाग से मिली जानकारी के अनुसार घटना एक दिन पूर्व की बताई जा रही है। चोरों ने विद्यालय कार्यालय को निशाना बनाते हुए वहां रखा पंखा, कुर्सियां, चटाई तथा खेल सामग्री समेत अन्य जरूरी सामान चोरी कर लिया। चोरी गई खेल सामग्री में बैट-बॉल, कैरम बोर्ड, बैडमिंटन, लूडो, फुटबॉल और वॉलीबॉल जैसी वस्तुएं शामिल हैं।
विद्यालय के प्रधानाध्यापक सुधाकर सिंह ने बताया कि विद्यालय में इससे पहले भी कई बार चोरी की घटनाएं हो चुकी हैं, जिनमें हजारों रुपये का सामान गायब हो चुका है। उन्होंने कहा कि लगातार हो रही घटनाओं से विद्यालय की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं। मामले की सूचना शिक्षा विभाग के अधिकारियों को दे दी गई है।
खंड शिक्षा अधिकारी अशोक कुमार गौतम ने बताया कि विद्यालय में चोरी की सूचना मिलने के बाद तत्काल थाने में मुकदमा दर्ज कराया गया है। शिक्षा विभाग भी अपने स्तर पर पूरे मामले की जांच कर रहा है।
वहीं थानाध्यक्ष ओमप्रकाश ने बताया कि विद्यालय में चोरी के मामले में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस टीम घटना की छानबीन में जुटी हुई है और जल्द ही मामले का खुलासा कर दिया जाएगा।
