मुहम्मदाबाद पहुंचे ज्योतिष पीठाधीश्वर जगद्गुरु शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती, गौ रक्षा संकल्प यात्रा को बताया राष्ट्र जागरण अभियान


मुहम्मदाबाद। ज्योतिष पीठाधीश्वर जगद्गुरु शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती महाराज शनिवार देर शाम गाजीपुर जनपद के मुहम्मदाबाद पहुंचे, जहां उनका भव्य स्वागत किया गया। वे ‘गौ रक्षा संकल्प यात्रा’ के तहत बैजलपुर स्थित प्राचीन सोमेश्वर महादेव मंदिर में दर्शन-पूजन करने पहुंचे थे। शंकराचार्य के आगमन को लेकर क्षेत्र में श्रद्धालुओं और गौभक्तों में खासा उत्साह देखने को मिला।

सोमेश्वर महादेव मंदिर में पूजा-अर्चना के बाद शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती ने कहा कि उनकी यह यात्रा केवल धार्मिक नहीं, बल्कि राष्ट्र जागरण का अभियान है। उन्होंने बताया कि यह यात्रा गोरखपुर से शुरू होकर उत्तर प्रदेश की सभी 403 विधानसभा क्षेत्रों का भ्रमण करेगी और पुनः गोरखपुर में ही समाप्त होगी।

उन्होंने मुहम्मदाबाद को “पवित्र स्थली” बताते हुए कहा कि यहां गौ, गंगा, गीता और गायत्री चारों का संगम है। उन्होंने कहा कि भारतीय संस्कृति में गाय को माता का दर्जा प्राप्त है, लेकिन अंग्रेजों की व्यवस्था में उसे पशु की श्रेणी में डाल दिया गया और आजादी के 78 वर्षों बाद भी स्थिति में बदलाव नहीं हुआ।

शंकराचार्य ने लोगों से गौ माता को “राष्ट्र माता” घोषित कराने के लिए एकजुट होने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि सभी राजनीतिक दलों से यह मांग मजबूती से उठाई जानी चाहिए। उन्होंने कहा कि जो दल गौ माता के सम्मान और संरक्षण की बात नहीं करेगा, जनता को उसे समर्थन देने से पहले विचार करना चाहिए।

अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि आने वाले समय में गौ रक्षा एक बड़ा जनआंदोलन बनेगा और समाज को इसके लिए सजग एवं “कड़क” बनना होगा। उन्होंने कहा कि केवल भाषणों से नहीं, बल्कि ठोस संकल्प और जनसमर्थन से ही गौ माता की रक्षा संभव है।

इस दौरान शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती ने आचार्य पंडित अभिषेक तिवारी को गौधाम निर्माण के लिए अपना प्रतिनिधि नियुक्त किया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में मौजूद गौभक्तों ने चक्र मुद्रा बनाकर गौ रक्षा का संकल्प लिया।

कार्यक्रम का संचालन श्रीराम राय कमलेश ने किया, जबकि विधानसभा संयोजक मनोज बाबा ने आभार व्यक्त किया। महादेवा मोड़ पहुंचने पर विभिन्न सामाजिक संगठनों, राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों और स्थानीय नागरिकों ने शंकराचार्य महाराज का माल्यार्पण कर स्वागत किया।

error: Content is protected !!
नमस्कार 🙏 हमारे न्यूज पोर्टल - मे आपका स्वागत हैं ,यहाँ आपको हमेशा ताजा खबरों से रूबरू कराया जाएगा , खबर ओर विज्ञापन के लिए संपर्क करे +91 9415000867 ,हमारे यूट्यूब चैनल को सबस्क्राइब करें, साथ मे हमारे फेसबुक को लाइक जरूर करें