गाजीपुर। जनपद में विकास की गति को नई दिशा देने वाले जनप्रतिनिधियों के सम्मान की कड़ी में आज एक विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस अवसर पर जनपद के जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला द्वारा ग्राम पंचायत राजापुर के ग्राम प्रधान अश्वनी राय को उनके द्वारा किए गए उत्कृष्ट कार्यों और सराहनीय योगदान के लिए प्रशस्ति पत्र और अंग वस्त्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। ग्राम पंचायत राजापुर में कराए गए सर्वांगीण विकास, स्वच्छता अभियान और सार्वजनिक सुविधाओं के बेहतर क्रियान्वयन को देखते हुए जिला प्रशासन द्वारा यह सम्मान दिया गया है। जिलाधिकारी ने प्रधान द्वारा किए गए कार्यों की प्रशंसा करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। सम्मान प्राप्त करने के बाद ग्राम प्रधान अश्वनी राय ने विनम्रता व्यक्त करते हुए कहा “यह सम्मान केवल मेरा नहीं, बल्कि राजापुर गांव की समस्त देवतुल्य जनता जनार्दन का है, जिनके सहयोग और आशीर्वाद से हम गांव को विकास की नई ऊंचाइयों पर ले जा पा रहे हैं। यह उपलब्धि मुझे भविष्य में और अधिक ऊर्जा के साथ सेवा करने की प्रेरणा देगी। मेरा संकल्प है कि राजापुर में विकास की अविरल धारा इसी तरह प्रवाहित होती रहे।”
ग्राम प्रधान अश्वनी राय ‘प्रशस्ति पत्र’ से सम्मानित, डीएम ने विकास कार्यों की थपथपाई पीठ
