शादियाबाद (गाजीपुर):
भारत रत्न डॉ. भीमराव अंबेडकर की जयंती के अवसर पर मंगलवार को मनिहारी क्षेत्र में भव्य और ऐतिहासिक जुलूस निकाला गया। इस आयोजन में हजारों की संख्या में लोगों की भागीदारी ने इसे जनआस्था और सामाजिक एकता का प्रतीक बना दिया।
जुलूस की शुरुआत अंबेडकर पार्क से हुई, जो क्षेत्र के विभिन्न गांवों और कस्बों से होते हुए पुनः पार्क में आकर संपन्न हुआ। आयोजन समिति के संयोजक आदित्य कुमार ने बताया कि हर वर्ष की तरह इस बार भी जयंती समारोह को विशेष रूप से भव्य रूप दिया गया।
जुलूस में सजे-धजे रथ पर बाबा साहेब एवं अन्य महान विभूतियों के चित्र आकर्षक ढंग से सजाए गए थे, जो लोगों के आकर्षण का केंद्र बने रहे। पूरे जुलूस में युवाओं, महिलाओं और बुजुर्गों का जबरदस्त उत्साह देखने को मिला।
यह जुलूस अंबेडकर पार्क से निकलकर मोहब्बतपुर, हंसराजपुर, शादियाबाद, कस्बा दयालपुर, खतिरपुर और सिधार सहित कई गांवों से होकर गुजरा। जगह-जगह लोगों ने पुष्पवर्षा कर और स्वागत द्वार बनाकर जुलूस का जोरदार स्वागत किया।
स्थानीय लोगों ने कहा कि बाबा साहेब के विचार आज भी समाज को नई दिशा दे रहे हैं। उनके द्वारा दिया गया संविधान, शिक्षा और समानता का संदेश वर्तमान समय में और अधिक प्रासंगिक हो गया है। लोगों ने उनके आदर्शों को अपने जीवन में अपनाने का संकल्प लिया।
जुलूस में सैकड़ों मोटरसाइकिलों और चारपहिया वाहनों का काफिला शामिल रहा, जिससे पूरे क्षेत्र में उत्सव जैसा माहौल बन गया। कार्यक्रम में क्षेत्र के कई गणमान्य लोग भी उपस्थित रहे, जिन्होंने लोगों को जयंती की शुभकामनाएं दीं।
कार्यक्रम के दौरान शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए शादियाबाद थाना प्रभारी पवन उपाध्याय पुलिस फोर्स संग पूरी मुस्तैदी के साथ मौजूद रहे। पुलिस की सतर्कता के चलते पूरा आयोजन शांतिपूर्ण और व्यवस्थित ढंग से संपन्न हुआ।
