

कुशीनगर। नेबुआ नौरंगिया थाना क्षेत्र के एक गांव में गत 3 मई की रात घर में अपने एक बच्चे के साथ अकेली रह रही एक विवाहिता के साथ बगल के ही एक वर्ग विशेष के युवक द्वारा जबरन दुष्कर्म करने तथा किसी को बताने पर जान से मारने की धमकी देने का मामला प्रकाश में आया है।
पीड़िता के अनुसार घटना के समय उसका पति घर पर मौजूद नहीं था। आरोप है कि आरोपी युवक रात में घर में घुस आया और जबरन दुष्कर्म किया। पीड़िता का कहना है कि विरोध करने पर आरोपी ने जानमाल की धमकी देते हुए घटना के बारे में किसी को बताने पर गंभीर परिणाम भुगतने की चेतावनी दी।
बताया जा रहा है कि अगले दिन जब पीड़िता का पति घर लौटा तो पीड़िता ने पूरी घटना की जानकारी उसे दी। इसके बाद पति पीड़िता को लेकर थाने पहुंचा और कार्रवाई की मांग की।
पीड़िता ने आरोप लगाया है कि जब वह थाने में अपना प्रार्थना पत्र देने गई तो वहां मौजूद कुछ पुलिसकर्मियों ने प्रार्थना पत्र पढ़ने के बाद उस पर दबाव बनाते हुए प्रार्थना पत्र में बदलाव कर बलात्कार के जगह छेड़खानी करा दिया। पीड़िता का कहना है कि वह न्याय की गुहार लगाने गई थी, लेकिन वहां उसे परेशान किया गया।
फिलहाल मामले को लेकर क्षेत्र में चर्चा बनी हुई है। पीड़ित परिवार ने आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। वहीं पुलिस की भूमिका को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं।
