धर्मेन्द्र भारद्वाज | मऊ
मऊ। लिटिल फ्लावर चिल्ड्रन स्कूल, सिंकठिया के प्रांगण में 14 फरवरी को सांस्कृतिक गौरव और शैक्षिक पहल से जुड़ा विशेष कार्यक्रम आयोजित होगा। कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण महान क्रांतिकारी चंद्रशेखर आज़ाद के जीवन पर आधारित नाटक ‘अंदाज-ए-आज़ाद’ होगा, जिसे स्कूल के विद्यार्थी शाम 4 बजे प्रस्तुत करेंगे।
यह नाटक ‘ड्रामा टॉकीज’ की प्रस्तुति है, जिसमें ‘फ्लिक्स एंटरटेनमेंट’ क्रिएटिव पार्टनर के रूप में जुड़ा है। नाटक का निर्देशन राजीव मिश्रा ने किया है। विद्यालय के बच्चों द्वारा मंचित यह प्रस्तुति दर्शकों को आज़ादी के आंदोलन के साहस, त्याग और देशभक्ति से रूबरू कराएगी।
इसी अवसर पर शिक्षा क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाले शिक्षा रत्न स्वर्गीय विजय शंकर यादव की स्मृति में उनकी प्रतिमा का भव्य अनावरण भी किया जाएगा।
कार्यक्रम के दौरान एक महत्वपूर्ण शैक्षिक पहल की भी शुरुआत होगी। JEE और NEET की तैयारी कर रहे विद्यार्थियों के लिए निःशुल्क तैयारी कार्यक्रम का औपचारिक उद्घाटन किया जाएगा, जिससे क्षेत्र के छात्रों को सीधे लाभ मिलेगा।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में डॉ. राम शंकर (प्रोफेसर एवं निदेशक, सीबीएसई उत्कृष्टता केंद्र, यूएई दुबई) उपस्थित रहेंगे। विशिष्ट अतिथि के रूप में प्रख्यात फिल्म अभिनेता अखिलेंद्र मिश्रा शिरकत करेंगे। कार्यक्रम की अध्यक्षता नगरपालिका परिषद के अध्यक्ष अरशद जमाल करेंगे।
विद्यालय प्रबंधन ने प्रबुद्ध नागरिकों, अभिभावकों और कला प्रेमियों से इस अवसर पर उपस्थित होकर कार्यक्रम की शोभा बढ़ाने की अपील की है।
