मऊ।
कम्हरिया रेलवे अंडरपास में लगातार हो रहे जलभराव ने स्थानीय लोगों की परेशानियां बढ़ा दी हैं। अंडरपास में पानी भरे रहने के कारण लोगों को मजबूरी में रेलवे लाइन पार करनी पड़ रही है, जो कभी भी बड़े हादसे का कारण बन सकता है। इस गंभीर समस्या से क्षेत्र की लगभग 10 हजार की आबादी प्रतिदिन प्रभावित हो रही है।
जलभराव की वजह से स्कूली बच्चों, बुजुर्गों और महिलाओं को आवागमन में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। समस्या के समाधान को लेकर आम आदमी पार्टी के जिला अध्यक्ष विक्रमजीत सिंह के नेतृत्व में दर्जनों महिलाओं के प्रतिनिधिमंडल ने घोसी के सांसद राजीव राय से मुलाकात की और उन्हें ज्ञापन सौंपा।
महिलाओं ने सांसद को अंडरपास की बदहाल स्थिति, सुरक्षा जोखिम और रोजमर्रा की परेशानियों से अवगत कराया। उन्होंने बताया कि बारिश के दिनों में हालात और भी भयावह हो जाते हैं, जिससे दुर्घटना की आशंका बनी रहती है।
सांसद राजीव राय ने मामले को गंभीरता से लेते हुए शीघ्र समाधान का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि इस समस्या को लेकर रेल मंत्रालय से बात कर आवश्यक कार्रवाई कराई जाएगी, ताकि लोगों को जल्द राहत मिल सके।
