धर्मेन्द्र भारद्वाज | मऊ
मऊ, 09 मई 2026।
पूर्वांचल के चिकित्सा शिक्षा क्षेत्र में मऊ जनपद ने एक ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल की है। शहर के प्रतिष्ठित गुप्ता सर्जिकल हॉस्पिटल एंड पी.जी. इंस्टीट्यूट को National Board of Examinations in Medical Sciences (NBEMS) द्वारा DNB General Surgery एवं DMRD/Radiology PG प्रशिक्षण के लिए मान्यता प्रदान की गई है। इस उपलब्धि के साथ मऊ अब राष्ट्रीय स्तर की चिकित्सा शिक्षा के मानचित्र पर मजबूती से उभर कर सामने आया है।
अस्पताल परिसर में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में अस्पताल के मैनेजिंग डायरेक्टर डॉ. अभिषेक गुप्ता ने जानकारी देते हुए बताया कि गुप्ता सर्जिकल हॉस्पिटल अब देश के उन चुनिंदा 29 अस्पतालों में शामिल हो गया है, जिन्हें DNB General Surgery की पोस्ट ग्रेजुएट सीटों की मान्यता प्राप्त है। वहीं DMRD/Radiology प्रशिक्षण के लिए अस्पताल देश के 146 मान्यता प्राप्त संस्थानों में स्थान बनाने में सफल रहा है।
उन्होंने बताया कि राजस्थान, दिल्ली सहित विभिन्न राज्यों से युवा डॉक्टर अब मऊ आकर यहां पोस्ट ग्रेजुएट मेडिकल ट्रेनिंग प्राप्त कर रहे हैं। DNB General Surgery को MS General Surgery के समकक्ष माना जाता है, ऐसे में मऊ जैसे शहर में इस स्तर की चिकित्सा शिक्षा उपलब्ध होना पूरे पूर्वांचल के लिए गर्व की बात है।
अस्पताल की प्रमुख उपलब्धियां
- DNB General Surgery में राष्ट्रीय स्तर पर मान्यता
- DMRD/Radiology PG सीटों की स्वीकृति
- वर्तमान में 4 पीजी रेजिडेंट डॉक्टर प्रशिक्षणरत
- अप्रैल 2026 में 491 मेजर एवं 143 माइनर सर्जरी सफलतापूर्वक सम्पन्न
- 5 अत्याधुनिक फुली मॉड्यूलर ऑपरेशन थिएटर
- उच्च स्तरीय CSSD एवं समर्पित Infection Control Team की व्यवस्था
प्रेस वार्ता में डॉ. अभिषेक गुप्ता ने इस सफलता का श्रेय अस्पताल के संस्थापक एवं चेयरमैन डॉ. पी. एल. गुप्ता को दिया। उन्होंने कहा कि वर्ष 1996 में डॉ. पी. एल. गुप्ता ने मऊ में जनरल सर्जरी सेवाओं की शुरुआत की थी। वर्षों की सेवा, अनुशासन और चिकित्सा नैतिकता के बल पर आज यह संस्थान राष्ट्रीय स्तर के पीजी मेडिकल इंस्टीट्यूट के रूप में पहचान बना रहा है।
गौरतलब है कि गुप्ता सर्जिकल हॉस्पिटल वर्ष 1994 से क्षेत्र में स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान कर रहा है। यहां जनरल एवं लैप्रोस्कोपिक सर्जरी, यूरोलॉजी, ऑर्थोपेडिक, ईएनटी, गैस्ट्रोएंटरोलॉजी, इंटरवेंशनल रेडियोलॉजी, MRI, CT Scan, USG तथा एडवांस्ड लैब सुविधाएं उपलब्ध हैं।
पूर्वांचल के लिए नई उम्मीद
मेडिकल शिक्षा और उच्च स्तरीय स्वास्थ्य सेवाओं की यह उपलब्धि न केवल मऊ बल्कि पूरे पूर्वांचल के युवाओं और मरीजों के लिए नई उम्मीद लेकर आई है। अब क्षेत्र के छात्रों और चिकित्सकों को बड़े महानगरों पर निर्भर रहने की आवश्यकता कम होगी।
