धर्मेन्द्र भारद्वाज | मऊ
मऊ, 19 फरवरी 2026।
जनपद मऊ में ‘बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ’ और ‘बाल विवाह मुक्त भारत’ अभियान के अंतर्गत महिला कल्याण विभाग ने कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय, बड़राव में किशोरी क्लब की स्थापना की। यह कार्यक्रम जिलाधिकारी के निर्देश पर तथा जिला प्रोबेशन अधिकारी के नेतृत्व में आयोजित किया गया।
किशोरी क्लब का उद्देश्य बालिकाओं के शारीरिक, मानसिक और रचनात्मक विकास को बढ़ावा देना है, ताकि वे पढ़ाई के साथ खेलकूद और अन्य गतिविधियों में भी सक्रिय भागीदारी कर सकें। कार्यक्रम में छात्राओं को कैरम बोर्ड, लूडो, फुटबॉल, हॉकी, शतरंज और वॉलीबॉल जैसी खेल सामग्री वितरित की गई।
महिला कल्याण विभाग की हब फॉर इंपॉवरमेंट ऑफ वूमेन टीम से जिला मिशन समन्वयक श्रीमती अर्चना राय ने कहा कि आज बेटियां खेल, विज्ञान, तकनीक, कॉरपोरेट जगत और देश की सुरक्षा जैसे हर क्षेत्र में अपनी पहचान बना रही हैं। इस अवसर पर मुख्यमंत्री बाल सेवा योजना, निराश्रित महिला पेंशन योजना और मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना की जानकारी भी दी गई।
जेंडर स्पेशलिस्ट श्रीमती राखी राय ने बाल विवाह के दुष्प्रभावों पर प्रकाश डालते हुए बताया कि विवाह की न्यूनतम आयु लड़की के लिए 18 वर्ष और लड़के के लिए 21 वर्ष निर्धारित है। छात्राओं को बाल विवाह मुक्त भारत अभियान की शपथ भी दिलाई गई।
कार्यक्रम में वार्डन श्रीमती वंदना यादव, शिक्षिकाएं और बड़ी संख्या में छात्राएं उपस्थित रहीं।
