रतनपुरा-भीमपुरा मार्ग पर 55 वर्षीय व्यक्ति का शव मिलने से मचा हड़कंप
रतनपुरा,मऊ। हलधरपुर थाना क्षेत्र के रतनपुरा- भीमपुरा मार्ग पर बसनहीं पुल के समीप मंगलवार की शाम करीब 5:15 बजे एक 55 वर्षीय व्यक्ति का शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। शव की पहचान जितेंद्र राजभर पुत्र जयमूरत राजभर निवासी मुबारकपुर, थाना हलधरपुर, जनपद मऊ, के रूप में हुई है।
शव मिलने की सूचना मिलते ही रतनपुरा बाजार में अफरा-तफरी का माहौल उत्पन्न हो गया। देखते ही देखते घटनास्थल पर लोगों की भीड़ जुट गई। सूचना पाकर थाना प्रभारी भगवान दास तथा रतनपुरा चौकी प्रभारी संजय कुमार उपाध्याय पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आवश्यक पंचनामा कार्रवाई पूरी करने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पूलिस घटना के अगल बगल के घरों पर लगे सीसीटीवी कैमरे के फूटेज जुटाने में लगी है। घटना को लेकर आसपास के लोगों से पूछताछ भी की गई। अचानक शव मिलने से क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाएं होती रहीं।
थाना हलधरपुर प्रभारी श्री भगवान राम ने बताया कि मृत्यु के वास्तविक कारणों की पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगी। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर ही मामले में आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।
