संवाददाता: चंदन जयसवाल
शाहगंज जौनपुर: शादियों के सीजन में जहां शहर के होटल, मैरेज हॉल और सड़कें उत्सव के रंग में रंगी हुई हैं, वहीं इसी भीड़ और चहल-पहल का फायदा उठाकर अपराधी वारदातों को अंजाम देने से बाज नहीं आ रहे हैं। मंगलवार की रात नगर के व्यस्त इलाके चूड़ी मुहल्ला स्थित बिस्मिल्ला मार्केट के पास अपाचे बाइक सवार तीन नकाबपोश बदमाशों ने एक महिला के गले से सोने की चेन झपट ली और फरार हो गए। घटना से इलाके में हड़कंप मच गया और मौके पर भारी भीड़ जुट गई।
पुरानी बाजार निवासी अनीता सोनी पत्नी रजनीश सोनी मंगलवार रात करीब नौ बजे पांच अन्य महिलाओं के साथ हनुमानगढ़ी स्थित एक वैवाहिक समारोह में शामिल होने जा रही थीं। तभी बदमाशों ने झपट्टा मारकर उनके गले से चेन छीन ली। पीड़िता के अनुसार चेन की खरीद कीमत लगभग दो लाख रुपये थी, जबकि वर्तमान बाजार मूल्य करीब आठ लाख रुपये आंका जा रहा है। सूचना पर पहुंची कोतवाली पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है। प्रभारी निरीक्षक के.के. सिंह ने बताया कि जल्द ही बदमाशों की पहचान कर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। घटना के बाद व्यापारियों और स्थानीय लोगों में रोष व्याप्त है तथा पुलिस से गश्त बढ़ाने की मांग की गई है।
