कुशीनगर। विशुनपुरा विकास खण्ड के चितहा गांव स्थित चौरा बाबा स्थान पर चल रहे श्री हनुमत महायज्ञ के आठवें दिन कथा पंडाल में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। कथा वाचिका गौरांगी गौरी जी ने प्रभु श्रीराम, माता सीता एवं लक्ष्मण जी के वनगमन,निषाद राज गोहू से मिलन तथा गंगा पार करते समय हुए केवट-राम संवाद का अत्यंत मार्मिक वर्णन किया। उनके ओजस्वी और भावपूर्ण प्रवचन से उपस्थित श्रद्धालु भावविभोर हो उठे।
कथा के दौरान निषाद राज की अटूट भक्ति और केवट की सेवा भावना का प्रसंग सुन श्रोता ‘जय श्रीराम’ के उद्घोष से पंडाल को गुंजायमान करते रहे।सुबह से ही यज्ञ स्थल की परिक्रमा के लिए श्रद्धालुओं की भारी भीड़ जुटी रही और लोगों ने यज्ञ में आहुति देकर पुण्य लाभ अर्जित किया।
कार्यक्रम के दौरान जिलापंचायत अध्यक्ष प्रदीप जयसवाल,अंशुमान बांका,नगर पालिका पडरौना चेयरमैन प्रतिनिधि बुलबुल जायसवाल,नगर पालिका चेयरमैन प्रतिनिधि राकेश जायसवाल,भाजपा किसनमोर्चा मंडल अध्यक्ष दुर्गेश राय सहित कई गणमान्य लोग यज्ञ स्थल पर पहुंचकर कथा का रसपान किया।सुरक्षा व्यवस्था को लेकर यज्ञ कमेटी के सदस्यों के साथ नेबुआ नौरंगिया पुलिस भी मुस्तैद रही। पूरे क्षेत्र में दिनभर भक्तिमय वातावरण बना रहा।



