मुहम्मदाबाद (गाजीपुर)। इंसान में कुछ कर गुजरने का जज्बा हो तो अभाव और मुश्किलें भी उसकी राह का रोड़ा नहीं बनतीं, बल्कि सफलता का मार्ग प्रशस्त करती हैं। इसकी एक जीवंत मिसाल मुहम्मदाबाद विकासखंड की ग्राम पंचायत राजापुर में देखने को मिल रही है। यहां पंचायत भवन में स्थापित स्मार्ट डिजिटल लाइब्रेरी ग्रामीण युवाओं के सपनों को साकार करने का सशक्त माध्यम बन रही है। कभी सीमित संसाधनों के बीच प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करने वाले किसान परिवारों के छह युवाओं इसके पहले पांच युवाओं ने इसी लाइब्रेरी में स्वाध्याय और कठिन परिश्रम के दम पर पिछले आठ महीनों में अलग-अलग सरकारी सेवाओं में चयनित होकर गांव का गौरव बढ़ाया है।
दरअसल, राजापुर की इस उपलब्धि के पीछे केवल छह युवाओं की मेहनत की कहानी नहीं, बल्कि एक ऐसी सोच और पहल का परिणाम भी है, जिसने ग्रामीण शिक्षा की तस्वीर बदलने का प्रयास किया। ग्राम पंचायत के प्रशासक अश्वनी कुमार राय की दूरदर्शिता और इच्छाशक्ति ने गांव के विकास को केवल सड़कों, नालियों और भवनों तक सीमित नहीं रखा, बल्कि शिक्षा को भी विकास की प्राथमिकता बनाया। पंचायत सचिवालय को जनपद में आधुनिक सुविधाओं से युक्त बनाने के साथ स्वच्छता के क्षेत्र में भी राजापुर ने अपनी अलग पहचान स्थापित की। राजापुर से लखनऊ तक स्वच्छता एक्सप्रेस की गूंज भी इसी पहल का हिस्सा रही।
मुख्यमंत्री पुरस्कार द्वारा प्रोत्साहन राशि 11 लाख से रखी गई डिजिटल लाइब्रेरी की नींव….
राजापुर की डिजिटल लाइब्रेरी की स्थापना की कहानी भी अपने आप में प्रेरणादायी है। उत्तर प्रदेश सरकार की ओर से ग्राम पंचायतों में विकास और बेहतर सुविधाओं को प्रोत्साहित करने के लिए निर्धारित मानकों के तहत राजापुर ने 50 बिंदुओं पर अपनी उपलब्धियों के दम पर प्रथम स्थान प्राप्त किया और 11 लाख रुपये की पुरस्कार राशि हासिल की। इस धनराशि को किसी सामान्य निर्माण कार्य में खर्च करने के बजाय प्रशासक अश्वनी कुमार राय ने ऐसा स्थायी शैक्षणिक संसाधन विकसित करने की परिकल्पना की, जिसका लाभ आने वाली पीढ़ियों को भी मिलता रहे।
इसी सोच के तहत पंचायत सचिवालय में आधुनिक डिजिटल लाइब्रेरी स्थापित कराई गई। इसमें विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं की पुस्तकें, धार्मिक साहित्य और अध्ययन सामग्री उपलब्ध कराई गई। विद्यार्थियों की सुविधा के लिए बिजली की निर्बाध व्यवस्था के उद्देश्य से सोलर पैनल भी लगवाए गए। इस पूरी व्यवस्था को विकसित करने में करीब पांच लाख रुपये खर्च किए गए थे। वर्ष 2023 में तत्कालीन ग्राम प्रधान की इस पहल का उद्घाटन भाजपा के विधान परिषद सदस्य विशाल सिंह चंचल ने किया था।
इस प्रकार राजापुर की डिजिटल लाइब्रेरी महज एक सरकारी योजना का हिस्सा बनकर नहीं रह गई, बल्कि ग्रामीण युवाओं के लिए अध्ययन, अनुशासन और आत्मनिर्भरता का केंद्र बन गई। अब इसी पहल का सकारात्मक परिणाम छह युवाओं की सरकारी नौकरी में चयन के रूप में सामने आया है।
मध्यमवर्गीय किसानों के बेटों ने अपनी मेहनत से हासिल किया मुकाम…
स्मार्ट लाइब्रेरी में अध्ययन कर सफलता प्राप्त करने वाले युवाओं में शिवम गुप्ता पुत्र स्व. हरिदत्त नारायण गुप्ता का ट्रेन मैनेजर पद पर, बाबूलाल कुशवाहा पुत्र दीनबंधु कुशवाहा का उत्तर प्रदेश पुलिस में, राहुल यादव पुत्र हरिराम यादव तथा विशाल यादव पुत्र रामाशीष यादव का भारतीय सेना में चयन हुआ है। वहीं रोशन राय पुत्र सोनू राय और राजेश कुशवाहा पुत्र लल्लन कुशवाहा उत्तर प्रदेश होमगार्ड में चयनित हुए हैं। विशाल यादव मूल रूप से वासुदेवपुर के निवासी हैं और राजापुर की स्मार्ट लाइब्रेरी में रहकर तैयारी करते थे।
इन युवाओं की खासियत यह है कि अधिकांश मध्यमवर्गीय किसान परिवारों से आते हैं। इनके पास महानगरों जैसी महंगी कोचिंग और अत्याधुनिक शैक्षणिक संस्थानों की सुविधाएं नहीं थीं, लेकिन गांव में उपलब्ध स्मार्ट लाइब्रेरी ने इन्हें एक बेहतर अध्ययन स्थल और अनुकूल वातावरण दिया। अपनी मेहनत, लगन और दृढ़ संकल्प के बल पर इन युवाओं ने साबित कर दिया कि प्रतिभा किसी बड़े शहर या महंगे संस्थान की मोहताज नहीं होती।
छह युवाओं की सफलता पर अश्वनी कुमार राय ने जताया गर्व….
प्रशासक अश्वनी कुमार राय ने इस उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि उनके लिए और पूरी ग्रामसभा राजापुर के लिए यह अत्यंत हर्ष और गौरव का विषय है। दो वर्ष पहले मुख्यमंत्री पुरस्कार की धनराशि से पंचायत भवन में स्मार्ट लाइब्रेरी का निर्माण कराया गया था। उन्हें विशेष संतोष है कि पिछले आठ महीनों में यहां अध्ययन करने वाले छह युवाओं और पूर्व में पांच युवाओं ने सरकारी सेवाओं में स्थान प्राप्त किया है। सभी बच्चों ने इसी लाइब्रेरी में पूरी मेहनत, लगन और अनुशासन के साथ तैयारी की है।
उन्होंने कहा कि ग्राम पंचायत का सदैव प्रयास रहा है कि गांव के नौजवानों को शिक्षा और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए आवश्यक सुविधाएं तथा बेहतर वातावरण उपलब्ध कराया जाए, ताकि ग्रामीण प्रतिभाएं संसाधनों के अभाव में पीछे न रह जाएं। इसी क्रम में सभी चयनित युवाओं को ग्राम पंचायत की ओर से अंगवस्त्र भेंटकर सम्मानित किया गया और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई।
राजापुर की यह सफलता केवल छह युवाओं के सरकारी नौकरी पाने तक सीमित नहीं है, बल्कि यह उस सोच की सफलता है, जिसमें गांव के विकास का अर्थ अगली पीढ़ी का भविष्य संवारना है। अश्वनी कुमार राय की पहल ने यह संदेश दिया है कि यदि ग्राम पंचायत की प्राथमिकताओं में शिक्षा, युवा और उनकी आकांक्षाएं शामिल हों तो गांव की चौपाल से भी सफलता की बड़ी इबारत लिखी जा सकती है। आज राजापुर की डिजिटल लाइब्रेरी में खुलती किताबों के पन्नों के साथ कई परिवारों की उम्मीदें भी नई ऊंचाइयों की ओर बढ़ रही हैं।
