सेवराई (गाजीपुर)। गहमर थाना क्षेत्र के बरसल ब्रह्म बाबा मंदिर में हुई चोरी की घटना का पुलिस ने खुलासा करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी के 14 पीतल के घंटे, दो अदद लोटिया और एक टूटा हुआ घंटे का टुकड़ा बरामद किया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान सेवराई गांव निवासी प्रमोद राम (36) पुत्र सुमेर राम के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार, बीते 31 अक्टूबर 2026 की रात बरसल ब्रह्म बाबा मंदिर से अज्ञात चोरों ने करीब एक दर्जन छोटे-बड़े पीतल के घंटे चोरी कर लिए थे। इस संबंध में मंदिर के पुजारी चंदन उपाध्याय पुत्र विमलेश उपाध्याय निवासी गहमर पट्टी मेगर राय ने 1 नवंबर को गहमर थाने में लिखित तहरीर दी थी। पुलिस ने मुकदमा अपराध संख्या 240/2026 धारा 303(2) बीएनएस के तहत अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर चोर और चोरी गए माल की तलाश शुरू कर दी थी।
पुलिस अधीक्षक गाजीपुर के निर्देश पर अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण और क्षेत्राधिकारी जमानियां के मार्गदर्शन में प्रभारी निरीक्षक गहमर नन्द कुमार तिवारी के नेतृत्व में पुलिस टीम लगातार छानबीन कर रही थी। इसी क्रम में 7 नवंबर 2026 की रात चौकी प्रभारी बारा इन्दु कुमार तिवारी और चौकी प्रभारी सेवराई शिव प्रसाद पाण्डेय की संयुक्त टीम ने मुखबिर की सूचना पर बरामदगी करते हुए आरोपी प्रमोद राम को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार आरोपी के विरुद्ध गहमर थाने में पहले से भी कई आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। उसके खिलाफ आर्म्स एक्ट, चोरी और अन्य धाराओं सहित कुल पांच मुकदमों का आपराधिक इतिहास सामने आया है। पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध विधिक कार्रवाई करते हुए उसे न्यायालय भेज दिया।
प्रभारी निरीक्षक का बयान: प्रभारी निरीक्षक गहमर नन्द कुमार तिवारी ने बताया कि मंदिर में चोरी की घटना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस टीम लगातार आरोपी की तलाश कर रही थी। मुखबिर की सूचना पर एक आरोपी को गिरफ्तार कर चोरी के पीतल के घंटे और अन्य सामान बरामद किया गया है। आरोपी के विरुद्ध आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।
गिरफ्तारी करने वाली टीम में चौकी प्रभारी बारा इन्दु कुमार तिवारी, चौकी प्रभारी सेवराई शिव प्रसाद पाण्डेय सहित थाना गहमर के पुलिसकर्मी शामिल रहे।
