कासिमाबाद। भारतीय जनता पार्टी ने गाजीपुर जिले में अनुसूचित मोर्चा के जिलाध्यक्ष पद की जिम्मेदारी अमित कुमार सिद्धार्थ को सौंपी है। उनकी नियुक्ति को पार्टी के प्रति उनकी निष्ठा, समर्पण और संगठनात्मक कार्यों के प्रति प्रतिबद्धता से जोड़कर देखा जा रहा है।
अमित कुमार सिद्धार्थ प्रारंभ से ही भारतीय जनता पार्टी की विचारधारा से जुड़े रहे हैं। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की शाखा से जुड़कर उन्होंने सामाजिक और संगठनात्मक गतिविधियों में भाग लिया। इसके बाद भाजपा में विभिन्न दायित्वों का निर्वहन करते हुए संगठन को मजबूत बनाने में योगदान दिया। इससे पूर्व वह भाजपा अनुसूचित मोर्चा के जिला मंत्री भी रह चुके हैं।
अमित कुमार सिद्धार्थ के राजनीतिक सफर का एक महत्वपूर्ण प्रसंग वर्ष 2021 के पंचायत चुनाव से जुड़ा है। उस समय उन्होंने जिला पंचायत सदस्य पद के लिए पार्टी से पैनल मांगा था, लेकिन पार्टी ने वरिष्ठ नेता बंशीराम को अपना प्रत्याशी बनाया। इसके बाद पार्टी के कुछ अन्य नेताओं ने बंसी राम के खिलाफ चुनाव लड़ा, लेकिन अमित कुमार सिद्धार्थ ने चुनाव मैदान में उतरने के बजाय पार्टी के निर्णय का सम्मान किया और बंसी राम के साथ मजबूती से खड़े रहे। उनके इस कदम को संगठन के प्रति अनुशासन और निष्ठा के उदाहरण के रूप में देखा जा रहा है।
अब अनुसूचित मोर्चा के जिलाध्यक्ष की जिम्मेदारी मिलने के बाद अमित कुमार सिद्धार्थ ने दलित समाज को अधिक से अधिक संख्या में भाजपा से जोड़ने को अपनी प्राथमिकता बताया है। उनका कहना है कि वह समाज के बीच पहुंचकर लोगों को पार्टी की नीतियों और योजनाओं से अवगत कराएंगे।
उन्होंने कहा कि दलित समाज के हितों के लिए भाजपा प्रतिबद्ध है। उनका प्रयास रहेगा कि समाज के लोगों की समस्याओं को संगठन के माध्यम से उठाया जाए और उन्हें पार्टी से जोड़कर संगठन को और मजबूत बनाया जाए।
