बहादुरगंज, गाजीपुर। नगर में जर्जर विद्युत तारों की समस्या लोगों के लिए लगातार परेशानी का सबब बनी हुई है। आए दिन पुराने और कमजोर तारों के टूटने से विद्युत आपूर्ति बाधित हो रही है। इससे जहां लोगों को घंटों बिजली कटौती का सामना करना पड़ रहा है, वहीं गर्मी के मौसम में परेशानी और बढ़ जाती है।
नगर के विभिन्न मोहल्लों में विद्युत लाइनें लंबे समय से पुरानी और जर्जर स्थिति में हैं। कई स्थानों पर तारों का जाल आपस में उलझा हुआ दिखाई देता है। तेज हवा या मामूली बारिश के दौरान तार टूटने की घटनाएं सामने आने से लोगों में दुर्घटना की आशंका भी बनी रहती है। स्थानीय लोगों का कहना है कि तार टूटने के बाद विद्युत विभाग की ओर से मरम्मत कर आपूर्ति बहाल कर दी जाती है, लेकिन जर्जर तारों को स्थायी रूप से बदलने की दिशा में अपेक्षित कार्रवाई नहीं हो रही है।
वहीं, विद्युत लाइनों के आसपास लगे पेड़ों की छंटाई को लेकर भी लोगों में नाराजगी है। लोगों का कहना है कि कई बार पेड़ों की टहनियां तारों से टकराने के कारण भी आपूर्ति प्रभावित होती है। छंटाई के दौरान कई जगह रास्तों पर टहनियां और कचरा छोड़ दिए जाने से आवागमन में भी परेशानी होती है।
नगरवासियों ने विद्युत विभाग के अधिकारियों से मांग की है कि जर्जर तारों और पुराने विद्युत उपकरणों का सर्वे कराकर उन्हें प्राथमिकता के आधार पर बदला जाए। साथ ही विद्युत लाइनों के आसपास पेड़ों की वैज्ञानिक तरीके से छंटाई कराई जाए, ताकि बार-बार होने वाली विद्युत बाधाओं पर रोक लग सके।
लोगों का कहना है कि अस्थायी मरम्मत के बजाय स्थायी समाधान ही नगर की विद्युत व्यवस्था को सुचारु बना सकता है। वही पर जे ई विवेक खरवार का कहना है कि हमने विभाग को जर्जर तारों को बदलने हेतु स्टीमेट भेज दिया है जल्द ही इस समस्या का समाधान किया जायेगा जबकि आपूर्ति को निर्बाध रूप से संचालित करने हेतु हम सब लोग अपने कर्मचारियों और लाइनमैनों के सहयोग से तत्पर हैं जबकि आम जनमानस ने इस समस्या को गंभीरता से लेते हुए इसका त्वरित निदान करने की मांग उठाई है अब देखना दिलचस्प होगा कि विभाग द्वारा इस तरफ कितना जल्दी कदम उठाया जाता है।
