सादात – गाज़ीपुर
गाजीपुर के सादात में सैनिकों और देश के सम्मान में भव्य तिरंगा यात्रा निकाली गई। सादात उत्तरी अध्यक्ष दिनेश सिंह सिंटू की अध्यक्षता में यह यात्रा रायपुर बाजार से बहरियाबाद चकफरीद गांव स्थित बौद्ध विहार स्मरण स्थल तक गई।
इस यात्रा में सैकड़ों मोटरसाइकिल सवार शामिल हुए। देशभक्ति के नारों से पूरा क्षेत्र गूंज उठा, जिससे लोगों में देशप्रेम का जज्बा साफ झलक रहा था। लगभग चार किलोमीटर लंबी इस यात्रा के दौरान डीजे पर बज रहे देशभक्ति गीतों पर लोग भाव-विभोर हो रहे थे।
सड़क के दोनों ओर खड़े होकर लोग मोबाइल से वीडियो बना रहे थे और नारे लगा रहे थे। यह आयोजन क्षेत्रवासियों के बीच राष्ट्रीय भावना को मजबूत करने का एक प्रयास था।
कार्यक्रम में उपस्थित भाजपा के गाजीपुर के पूर्व जिलाध्यक्ष भानू प्रताप सिंह ने कहा कि इस तिरंगा यात्रा से देशवासियों के अंदर एक अद्भुत जोश देखने को मिला। मुख्य अतिथि पूर्व जिलाध्यक्ष बिजेंद्र राय ने भी ऐसे आयोजनों से देशवासियों में स्फूर्ति आने की बात कही।
वरिष्ठ भाजपा नेता प्रद्युम्न राय ने बताया कि यह तिरंगा यात्रा देश के वीर सपूतों को याद करने और उनके सम्मान में निकाली जाती है। पिछड़ा वर्ग जिलाध्यक्ष शिवपूजन चौहान ने जानकारी दी कि यह तिरंगा यात्रा देश की शान में हर वर्ष आयोजित की जाती है।
वरिष्ठ नेता एवं जिला उपाध्यक्ष ओमप्रकाश राम ने कहा कि ऐसे आयोजन आने वाली पीढ़ियों को यह बताते हैं कि देश के वीर सपूतों ने अपने प्राणों का बलिदान दिया, तब जाकर हमें आजादी मिली।
यात्रा के समापन पर बौद्ध विहार में डॉ. भीमराव अंबेडकर, संत शिरोमणि रविदास और अन्य महापुरुषों की मूर्तियों पर सभी उपस्थित लोगों ने माल्यार्पण कर पुष्प अर्पित किए। अंत में मंडल अध्यक्ष दिनेश सिंह सिंटू ने सभी उपस्थित क्षेत्रवासियों और देशवासियों का आभार व्यक्त किया।
इस तिरंगा यात्रा में जिले के पूर्व जिलाध्यक्ष भानुप्रताप सिंह, बृजेंद्र राय, मंडल अध्यक्ष दिनेश सिंह सिंटू, वरिष्ठ नेता प्रद्युम्न राय, शिवपूजन चौहान, ओमप्रकाश राम, रामराज वनवासी, सभाजीत चौहान, विपुल सिंह, प्रदीप गोण, महेंद्र चौहान, चंद्रशेखर चौहान, सोनू सिंह प्रधान, राजू सिंह, बिमला मौर्य, कन्हैया लोहार, अभय श्रीवास्तव, अजय पांडे, युवा नेता आदर्श राय, नितिन सिंह, दीपांशु गुप्ता, सूर्योज यादव सहित सैकड़ों लोग शामिल रहे।
