नंदगंज (गाजीपुर), शुक्रवार। प्रदेश सरकार द्वारा संचालित मिशन शक्ति – नारी सुरक्षा, नारी सम्मान एवं नारी स्वावलंबन अभियान के तहत शुक्रवार को नंदगंज पुलिस ने सरकारी अस्पताल के पास महिलाओं और छात्राओं को जागरूक किया। इस दौरान महिला कांस्टेबलों एवं पुलिस कर्मियों ने महिलाओं और लड़कियों को सुरक्षा संबंधी पर्चे वितरित किए तथा उन्हें आत्मरक्षा और आपातकालीन परिस्थितियों में सहायता प्राप्त करने के तरीकों की जानकारी दी।
पुलिस द्वारा वितरित पर्चियों में सरकार की ओर से जारी विभिन्न हेल्पलाइन नंबरों का उल्लेख किया गया है, जिनके माध्यम से महिलाएं किसी भी प्रकार की समस्या, उत्पीड़न या आपात स्थिति में तुरंत सहायता प्राप्त कर सकती हैं। महिला पुलिस कर्मियों ने उपस्थित महिलाओं और छात्राओं को बताया कि वे अपनी सुरक्षा के प्रति सजग रहें तथा किसी भी परेशानी की स्थिति में इन हेल्पलाइन नंबरों का निसंकोच उपयोग करें।
मिशन शक्ति अभियान के तहत चलाए जा रहे इस जागरूकता कार्यक्रम का महिलाओं और लड़कियों पर सकारात्मक प्रभाव देखने को मिल रहा है। क्षेत्र की महिलाओं ने कहा कि सरकार और पुलिस प्रशासन की इस पहल से उनमें सुरक्षा और आत्मविश्वास की भावना मजबूत हुई है। वहीं स्थानीय लोग भी नंदगंज पुलिस की इस जनजागरूकता मुहिम की सराहना करते नजर आए।
सरकार की मंशा के अनुरूप महिलाओं को सुरक्षित, सम्मानजनक और आत्मनिर्भर वातावरण प्रदान करने के लिए नंदगंज पुलिस लगातार जागरूकता अभियान चला रही है, जिससे समाज में महिला सुरक्षा के प्रति विश्वास और जागरूकता दोनों बढ़ रहे हैं।
