नंदगंज (गाजीपुर)। क्षेत्र के नंदगंज में शनिवार को अल्पसंख्यक कांग्रेस कमेटी की एक महत्वपूर्ण बैठक शमशाद आलम के आवास पर आयोजित की गई। बैठक में संगठन को गांव-गांव तक मजबूत बनाने, कांग्रेस पार्टी की नीतियों को जन-जन तक पहुंचाने तथा आगामी राजनीतिक गतिविधियों को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। बैठक में बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ताओं की मौजूदगी ने संगठन की सक्रियता को दर्शाया। बैठक को संबोधित करते हुए वर्तमान प्रदेश महासचिव अल्पसंख्यक कांग्रेस शबीहुल हसन ने कहा कि कांग्रेस पार्टी हमेशा देश में भाईचारा, संविधान और लोकतंत्र की रक्षा के लिए संघर्ष करती रही है। उन्होंने कहा कि आज जरूरत है कि कार्यकर्ता बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करें और आम जनता के बीच जाकर पार्टी की विचारधारा एवं जनहित की नीतियों को पहुंचाएं। उन्होंने कहा कि केरल में कांग्रेस की शानदार सफलता कार्यकर्ताओं की कड़ी मेहनत, समर्पण और एकजुटता का परिणाम है। इससे पूरे देश के कांग्रेस कार्यकर्ताओं में नई ऊर्जा और उत्साह का संचार हुआ है। उन्होंने सभी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं को बधाई देते हुए कहा कि संगठन की मजबूती ही पार्टी की सबसे बड़ी ताकत है। शबीहुल हसन ने नव नियुक्त अल्पसंख्यक कांग्रेस संगठन एवं कार्यालय प्रभारी शहनवाज खान निवासी दिलदारनगर, गाजीपुर को पुनः महत्वपूर्ण जिम्मेदारी मिलने पर राष्ट्रीय चेयरमैन इमरान प्रतापगढ़ी तथा प्रदेश चेयरमैन एवं पूर्व विधायक सोहेल अख्तर अंसारी के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि पार्टी नेतृत्व लगातार मेहनती और समर्पित कार्यकर्ताओं को सम्मान देने का कार्य कर रहा है, जिससे संगठन में नई मजबूती आएगी। बैठक में उपस्थित नेताओं ने भी अपने विचार रखते हुए संगठन विस्तार, युवाओं की भागीदारी तथा समाज के सभी वर्गों तक कांग्रेस की नीतियों को पहुंचाने पर बल दिया। कार्यकर्ताओं ने आगामी दिनों में क्षेत्र में जनसंपर्क अभियान चलाने और पार्टी को मजबूत बनाने का संकल्प लिया। इस अवसर पर जिला चेयरमैन साजिद हुसैन, शहर चेयरमैन रईस अहमद, शमशाद आलम, फैजान कमर, आदिल अख्तर, कुंदन खरवार, इम्तियाज समेत बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।
नंदगंज में अल्पसंख्यक कांग्रेस की बैठक में गरजे शबीहुल हसन, बोले— कार्यकर्ताओं की एकजुटता से मजबूत होगा संगठन
