गाजीपुर। भांवरकोल ब्लॉक क्षेत्र में समाजसेवा और जनसहयोग की मिसाल बन चुके सुभासपा ब्लॉक अध्यक्ष शिवरतन राजभर एक बार फिर जरूरतमंद परिवार के लिए मददगार साबित हुए हैं। ग्राम मीरजाबाद अदाई निवासी कैंसर पीड़िता श्रीमती नैनतारा पत्नी नागेंद्र को आर्थिक सहायता मिलने के बाद परिवार में खुशी का माहौल है। बताया जा रहा है कि आर्थिक तंगी के कारण पीड़ित परिवार इलाज कराने में असमर्थ था। करीब 15 दिन पूर्व परिवार के सदस्य सजना निवासी समाजसेवी शिवरतन राजभर से मिले और अपनी समस्या बताई। मामले की गंभीरता को देखते हुए शिवरतन राजभर ने तत्काल पीड़िता के आवश्यक दस्तावेज तैयार कराने में सहयोग किया। इसके बाद उन्होंने उत्तर प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री ओमप्रकाश राजभर से मुलाकात कर मुख्यमंत्री विवेकाधीन कोष से सहायता दिलाने की मांग की। मंत्री ओमप्रकाश राजभर के प्रयास और संवेदनशील पहल के चलते मात्र पांच दिनों के भीतर सहायता राशि स्वीकृत होकर पीड़ित परिवार तक पहुंच गई। सहायता राशि मिलने के बाद पीड़ित परिवार ने मंत्री ओमप्रकाश राजभर और समाजसेवी शिवरतन राजभर के प्रति आभार व्यक्त किया। परिवार का कहना है कि समय पर मदद मिलने से इलाज कराने में काफी राहत मिलेगी।
क्षेत्र में शिवरतन राजभर लगातार गरीब, बेसहारा और आर्थिक रूप से कमजोर लोगों की मदद के लिए सक्रिय रहते हैं। जरूरतमंदों की सहायता और जनसमस्याओं के समाधान को लेकर उनकी सक्रियता के कारण क्षेत्र में लोग उन्हें समाजसेवा की मिसाल मान रहे हैं।
