सेवराई। तहसील क्षेत्र के ग्राम गोड़सरा निवासी उत्तर प्रदेश पुलिस में कार्यरत सब-इंस्पेक्टर शिव शंकर सिंह का निधन हो गया। धूमनगंज, प्रयागराज में तैनात रहते हुए उन्होंने पुलिस सेवा में अपनी कर्तव्यनिष्ठा और ईमानदारी के लिए विशेष पहचान बनाई थी। उनके आकस्मिक निधन से परिवार, गांव व पूरे क्षेत्र में गहरे शोक की लहर दौड़ गई है। उनके अंतिम संस्कार बीती देर रात गहमर के नरवा गंगा घाट पर पूरे विधि-विधान के साथ संपन्न हुआ। उनके पुत्र मनीष कुशवाहा ने पिता को मुखाग्नि दी। इस दौरान सैकड़ों ग्रामीण, रिश्तेदार और शुभचिंतक नम आंखों से उन्हें अंतिम विदाई देने पहुंचे। अंतिम संस्कार के अवसर पर जमानिया विधायक ओमप्रकाश सिंह भी नरवा गंगा घाट पर पहुंचे। उन्होंने दिवंगत शिव शंकर सिंह की आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की और शोकसंतप्त परिवार को सांत्वना दी।जमानिया विधायक ओम प्रकाश सिंह ने कहा कि शिव शंकर सिंह एक अच्छे इंसान और समर्पित पुलिसकर्मी थे। उनका निधन पूरे क्षेत्र के लिए अपूरणीय क्षति है। परिवार के साथ मैं पूरी तरह खड़ा हूं। इस मौके पर मिस्बाह खान मोनू, शाहिर खान,अमजद खान सहित क्षेत्र के कई गणमान्य नागरिक भी उपस्थित रहे। सभी ने दिवंगत एसआई शिव शंकर सिंह को एक नेक दिल, मिलनसार, सज्जन और कर्तव्यनिष्ठ पुलिस अधिकारी के रूप में याद किया। शिव शंकर सिंह गोड़सरा गांव के सम्मानित व्यक्ति थे। पुलिस सेवा में रहते हुए उन्होंने हमेशा अपनी ड्यूटी को ईमानदारी और लगन से निभाया। उनके निधन से न केवल परिवार बल्कि पूरे क्षेत्र के लोगों में शोक व्याप्त है। वही विभिन्न संगठनों, पुलिस कर्मियों और स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने उनके निधन पर गहरी संवेदना व्यक्त की है। सभी ने प्रार्थना की है कि ईश्वर दिवंगत आत्मा को मोक्ष प्रदान करें और शोकाकुल परिवार को इस दुख को सहन करने की शक्ति दें।
सब-इंस्पेक्टर शिव शंकर सिंह का निधन,लोगों ने नम आंखों से की अंतिम विदाई
