भांवरकोल। उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग द्वारा आयोजित परीक्षा 2024 उत्तीर्ण कर पीसीएस अधिकारी बने अविनाश सिंह का सोमवार को उनके पैतृक गांव सकोहा में भव्य स्वागत किया गया। कार्यक्रम का आयोजन सम्राट अशोक क्लब के तत्वावधान में गौतम बुद्ध की प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया, जिसमें क्षेत्र के सैकड़ों लोग शामिल हुए। अविनाश सिंह, क्षेत्र के प्रतिष्ठित चिकित्सक डॉ. वंश नारायण सिंह कुशवाहा के सुपुत्र हैं। उनके पीसीएस अधिकारी बनने की खबर से पूरे क्षेत्र में खुशी और गर्व का माहौल देखने को मिला। गांव पहुंचने पर ग्रामीणों, युवाओं और शुभचिंतकों ने फूल-मालाओं से उनका भव्य स्वागत किया और इस उपलब्धि पर उन्हें बधाई दी। कार्यक्रम के दौरान वक्ताओं ने कहा कि अविनाश सिंह की सफलता क्षेत्र के युवाओं के लिए प्रेरणादायक है। ग्रामीण परिवेश से निकलकर उन्होंने अपनी मेहनत, लगन और निरंतर प्रयास के बल पर यह मुकाम हासिल किया है। उनकी सफलता यह संदेश देती है कि अगर लक्ष्य स्पष्ट हो और मेहनत सच्ची हो, तो गांव का युवा भी उच्च प्रशासनिक पद तक पहुंच सकता है। अपने संबोधन में अविनाश सिंह ने सभी लोगों के स्नेह और सम्मान के लिए आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि यह सफलता माता-पिता के आशीर्वाद, गुरुजनों के मार्गदर्शन और क्षेत्र के लोगों के सहयोग का परिणाम है। उन्होंने युवाओं से अपील की कि वे अपने जीवन में एक स्पष्ट लक्ष्य तय करें और पूरी लगन से मेहनत करें, सफलता अवश्य मिलेगी।
इस अवसर पर ऊषा मौर्या, रमेश कुशवाहा, विजय मौर्या, नीरज मौर्या, नाथूलाल, चंद्रभान, अध्यापक राजेंद्र, उमेश, जयप्रकाश वर्मा, मुहर्रम अली, फिरोज अंसारी सहित क्षेत्र के सैकड़ों गणमान्य लोग उपस्थित रहे और सभी ने अविनाश सिंह को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।
