नंदगंज(गाजीपुर)। नंदगंज और आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में बीएसएनएल का नेटवर्क आए दिन कमजोर रहने से लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। नेटवर्क न होने के कारण लोगों के मोबाइल फोन शोपीस बनकर रह गए हैं और दैनिक कार्य प्रभावित हो रहे हैं।
आज के समय में मोबाइल फोन सरकारी कार्य, बैंकिंग, स्कूल और पढ़ाई जैसे महत्वपूर्ण कामों का प्रमुख माध्यम बन चुका है, लेकिन नेटवर्क समस्या के चलते लोग इन सेवाओं का लाभ नहीं उठा पा रहे हैं। ग्रामीणों का कहना है कि जब तक बिजली रहती है, तब तक ही किसी तरह बीएसएनएल का नेटवर्क आता है, वह भी बेहद कमजोर सिग्नल के साथ, जिससे इंटरनेट का उपयोग संभव नहीं हो पाता।
सोशल मीडिया और प्रिंट मीडिया से जुड़े लोगों को समाचार लिखने और फोटो भेजने में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। कई बार नेटवर्क के उतार-चढ़ाव के कारण फोन पर बातचीत भी ठीक से नहीं हो पाती।
बरहपुर गांव में बीएसएनएल का टावर लगा होने के बावजूद बिजली आपूर्ति ठप होने पर जनरेटर नहीं चलाया जाता, जिससे समस्या और बढ़ जाती है।
क्षेत्र के लोगों ने संबंधित अधिकारियों से मांग की है कि बीएसएनएल नेटवर्क को शीघ्र दुरुस्त कराया जाए, ताकि आम जनता को राहत मिल सके और संचार व्यवस्था सुचारू रूप से चल सके।
