एसडीएम के निर्देश पर रेवसड़ा और पलिया गांव में चला अतिक्रमण हटाओ अभियान, सार्वजनिक रास्ता और जमीन कराई गई मुक्त


 

गाजीपुर। भांवरकोल थाना क्षेत्र में प्रशासन ने अतिक्रमण के खिलाफ सख्त कार्रवाई करते हुए दो अलग-अलग गांवों में अभियान चलाकर कब्जे हटवाए। यह कार्रवाई डॉ. हर्षिता तिवारी (उपजिलाधिकारी, मोहम्मदाबाद) द्वारा 30 मार्च को दिए गए निर्देशों के अनुपालन में की गई।

 

पहली कार्रवाई पलिया गांव में की गई, जहां सार्वजनिक रास्ते की जमीन पर वुधराम यादव ब्रदर्स द्वारा चरन, नाद, ईंट-पत्थर आदि रखकर अतिक्रमण कर लिया गया था। इस मामले में स्थानीय निवासी संतलाल राय द्वारा आपत्ति दर्ज कराई गई थी। शिकायत के आधार पर नायब तहसीलदार विपिन कुमार चौरसिया के नेतृत्व में कानूनगो मंगला प्रसाद तथा लेखपाल अर्पणा राय की टीम ने मौके पर पहुंचकर अतिक्रमण हटवाया। कार्रवाई के दौरान संतोष कुमार राय (थाना प्रभारी, भांवरकोल) पुलिस बल के साथ मौजूद रहे, जिससे अभियान शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हुआ।

 

दूसरी कार्रवाई रेवसड़ा गांव में की गई, जहां अराजी संख्या 408 व 409 की जमीन को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा था। भूमि स्वामी जितेंद्र राय, रविंद्र राय, शिवजी राय, रणजीत राय, राजेंद्र राय, सुनीता मिश्रा पत्नी संजय मिश्रा तथा बबिता देवी पत्नी रामाधार चौधरी द्वारा दिए गए आपत्ति एवं अनुरोध पत्र के आधार पर प्रशासन ने मौके पर पहुंचकर जमीन की पुनः पक्की नापी कराई और सीमांकन के लिए पत्थर गाड़े।

 

प्रशासनिक जांच में पाया गया कि उक्त जमीन पर सुनीता देवी पत्नी अच्छेलाल चौधरी द्वारा कब्जा किया गया था। बताया जाता है कि इससे पहले भी चार-पांच बार इस जमीन की पक्की नापी कर सीमांकन किया गया था, लेकिन आरोप है कि हर बार पत्थरों को उखाड़ दिया जाता था। इस मामले में दो बार थाना स्तर पर एफआईआर भी दर्ज कराई जा चुकी है।

 

इस बार प्रशासन ने सख्ती दिखाते हुए पुलिस की मौजूदगी में अतिक्रमण हटवाकर जमीन को उसके वास्तविक स्वामियों को सौंप दिया। कार्रवाई के दौरान महिला पुलिसकर्मी प्रिया सिंह, कंचन गोंड तथा स्नेहलता सहित कई पुलिसकर्मी मौके पर मौजूद रहे।

 

अतिक्रमण हटाने की इस कार्रवाई के बाद क्षेत्र में प्रशासन की सक्रियता को लेकर चर्चा का माहौल है। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि इसी तरह लगातार कार्रवाई होती रही तो सार्वजनिक जमीनों पर अवैध कब्जों पर लगाम लग सकेगी।

error: Content is protected !!
नमस्कार 🙏 हमारे न्यूज पोर्टल - मे आपका स्वागत हैं ,यहाँ आपको हमेशा ताजा खबरों से रूबरू कराया जाएगा , खबर ओर विज्ञापन के लिए संपर्क करे +91 9415000867 ,हमारे यूट्यूब चैनल को सबस्क्राइब करें, साथ मे हमारे फेसबुक को लाइक जरूर करें