गाजीपुर। भांवरकोल स्थित भांवरकोल थाना इन दिनों एक अनोखी समस्या से जूझ रहा है। यहां लंगूर बंदरों का आतंक ऐसा बढ़ गया है कि फरियादियों से लेकर ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मी तक सहमे हुए नजर आ रहे हैं। गुरुवार की शाम एक लंगूर और उसके झुंड ने करीब दो घंटे तक थाने परिसर में जमकर उत्पात मचाया। कभी छत पर उछलकूद, तो कभी टीनशेड और कांच के दरवाजों के पास धमाचौकड़ी इससे पूरे थाने में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। बताया जा रहा है कि लंगूरों को भगाने के लिए पुलिसकर्मियों ने कई बार ईंट-पत्थर और डंडों से उन्हें डराकर हटाने की कोशिश की, लेकिन बंदरों का झुंड टस से मस नहीं हुआ। इस दौरान थाने में अपनी शिकायत लेकर आए कई फरियादियों को भी लंगूरों ने दौड़ा लिया, जिससे वे डरकर थाने परिसर से बाहर निकल गए।इतना ही नहीं, लंगूरों ने परिसर में लगे टीनशेड और कांच के दरवाजों को भी नुकसान पहुंचाने की कोशिश की, जबकि परिसर में लगे आम के पेड़ों पर आए फलों को भी नुकसान पहुंचाया।क्षेत्र में लंगूरों की बढ़ती संख्या को लेकर स्थानीय लोग भी चिंता जता रहे हैं। लोगों का कहना है कि अगर जल्द ही इस समस्या का समाधान नहीं हुआ तो किसी दिन बड़ा हादसा भी हो सकता है।
इस संबंध में थानाध्यक्ष संतोष कुमार राय ने बताया कि लंगूरों की समस्या थाने के लिए चुनौती जरूर बन गई है। जल्द ही वन विभाग से संपर्क कर इस समस्या के समाधान के लिए उचित कदम उठाए जाएंगे।
