करीमुद्दीनपुर। ताजपुर ग्राम सभा स्थित शिव मंदिर के पोखरे में बड़ी संख्या में मछलियां मृत अवस्था में पानी के ऊपर तैरती हुई पाई गईं। सुबह जब ग्रामीण तालाब के पास पहुंचे तो बड़ी तादाद में मछलियां मृत देखकर गांव में हड़कंप मच गया।
ग्रामीणों ने तत्काल एकजुट होकर तालाब से सभी मृत मछलियों को बाहर निकाला। इसके बाद जेसीबी की मदद से एक सुरक्षित स्थान पर गड्ढा खुदवाकर उन्हें दफना दिया गया, ताकि किसी प्रकार की बदबू या संक्रमण न फैल सके।
इस संबंध में युवा समाजसेवी प्रेमचंद उर्फ पत्रु ने बताया कि तालाब में करीब तीन कुंतल के आसपास मछलियां मृत पाई गई हैं। उन्होंने आशंका जताई कि तालाब के पानी में ऑक्सीजन की कमी के कारण अचानक इतनी बड़ी संख्या में मछलियों की मौत हो गई।
उन्होंने बताया कि यह घटना गांव के लिए बेहद दुखद है। भविष्य में ऐसी घटना दोबारा न हो, इसके लिए ग्रामीणों द्वारा तालाब में दवा का छिड़काव कराया जा रहा है और साफ-सफाई का कार्य भी शुरू कर दिया गया है।
